छत्तीसगढ़ सरकार ने सूखा प्रभावित किसानों को दी बड़ी राहत

छत्तीसगढ़ सरकार ने सूखा प्रभावित किसानों को दी बड़ी राहत

रायपुर, 27 सितम्बर (जस)। छत्तीसगढ़ सरकार ने पिछले खरीफ वर्ष 2015 के सूखा प्रभावित 18 हजार 761 किसानों को एक बड़ी राहत देने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में इन किसानों को केन्द्र सरकार से स्वीकृति की प्रत्याशा में राष्ट्रीय कृषि फसल बीमा योजना के लगभग 18 करोड़ 43 लाख रूपए के बीमा दावों का भुगतान राज्य शासन के मद से शुरू करने का निर्णय लिया गया।

बैठक के बाद छत्तीसगढ़ के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री पुन्नूलाल मोहले ने बताया कि खरीफ वर्ष 2015 में राष्ट्रीय कृषि फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल कटाई प्रयोगों के आधार पर छह लाख 48 हजार किसानों को उनकी पात्रता के अनुसार 677 करोड़ 61 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका था। योजना के तहत पात्रता रखने वाले छूटे हुए 18 हजार 761 किसानों को केन्द्र सरकार से स्वीकृति की प्रत्याशा में राज्य सरकार ने 18 करोड़ 43 लाख रूपए का बीमा दावा भुगतान करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने बताया-इसमें से 50 प्रतिशत राशि अर्थात नौ करोड़ 21 लाख 50 हजार रूपए केन्द्र की ओर से प्राप्त होने हैं। शेष 50 प्रतिशत राशि राज्यांश के रूप में प्रदेश सरकार द्वारा दी जाएगी। फिलहाल केन्द्र से राशि मिलने की प्रत्याशा में सम्पूर्ण 18 करोड़ 43 लाख रूपए के बीमा दावों की राशि राज्य सरकार अपने बजट से देगी। केन्द्र से राशि आने पर उसका समायोजन कर लिया जाएगा। प्रदेश के 95 पटवारी हल्कों के 18 हजार 761 किसानों को इसका लाभ मिलेगा।

(फाइल फोटो)