विदेशों में बसे हुए हैं लगभग 3 करोड़ भारतीय

नई दिल्ली, 3 जनवरी (जस)। प्रवासी भारतीय दिवस समारोह इस साल 7 से 9 जनवरी के बीच बैंगलुरू में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी मंगलवार को यहां विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने दी है।

उन्होंने बताया कि यह 14वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन है जो कर्नाटक सरकार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

फोटो : गुजरात के गांधीनगर में 7-9 जनवरी, 2015 को संपन्न 13वें प्रवासी भारतीय दिवस का फाइल फोटो।

उल्लेखनीय है कि 3 करोड़ 12 लाख भारतीय विदेशों में बसे हुए हैं। इनमें 1 करोड़ 34 लाख लोग भारतीय मूल के हैं और 1 करोड़ 78 लाख लोग अप्रवासी भारतीय हैं।

पहला प्रवासी भारतीय सम्मेलन जनवरी 2003 में नई दिल्ली में आयोजित किया गया था और पिछला 13वां सम्मेलन गुजरात के गांधीनगर में जनवरी 2015 में आयोजित हुआ था। यह साल गांधीजी के अफ्रीका से भारत लौटने का शताब्दी वर्ष था।