Anupam

अनुपम खेर एफटीआईआई के अध्यक्ष नियुक्त किये गये

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर | जानेमाने अभिनेता अनुपम खेर (62) को बुधवार को पुणे स्थित भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सरकार के इस कदम की फिल्म जगत ने सराहना की है।

उन्होंने 500 से अधिक फिल्मों और कई नाटकों में काम किया हैं। उन्हें विश्व सिनेमा की गहरी समझ है और उन्होंने अनेक अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में भी काम किया है। वह पद्म श्री (2004) पद्म भूषण (2016) से सम्मानित कलाकार हैं।

वह गजेंद्र चौहान का स्थान लेंगे, जिनकी नियुक्त के बाद संस्थान में छात्रों ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया था और सरकार के कदमों की अनेक स्तरों पर आलोचना की गई थी।

अभिनेत्री और भाजपा सांसद किरण खेर ने एक चैनल से कहा,”मैं बहुत खुश हूं। यह काम किसी के लिए भी एक चुनौती हैं। यह अध्यक्ष पद कांटों का ताज है। यहां लोग आपके खिलाफ होते हैं, लेकिन मुझे पता है अनुपम इन सबसे निपटने में सक्षम हैं, क्योंकि वह एक अत्यंत प्रतिभाशाली व्यक्ति हैं।” याद रहे किरण खेर अनुपम की पत्नी हैं।

अभिनय कॅरियर की शुरुआत अनुपम ने 1984 में फिल्म ‘सारांश’ से की थी। मुंबई में उनका एक अभिनय प्रशिक्षण का संस्थान है।

उन्हें सर्वश्रेष्ठ हास्य भूमिका के लिए पांच बार फिल्म फेयर पुरस्कार मिल चुका है। उन्होंने लोकप्रिय अंतर्राष्ट्रीय फिल्मों में भी काम किया है, जिनमें ‘बेंड इट लाईक बेकहम’ को 2002 में गोल्डन ग्लोब पुरस्कार के लिए नामित किया गया। इसके अलावा इनमें 2007 में गोल्डन लायन पुरस्कार प्राप्त ‘लस्ट, कॉशन’ और 2013 में ऑस्कर विजेता ‘सिल्वर लाइनिंग्स प्लेबुक’ शामिल हैं। उन्होंने 100 से अधिक नाटकों में काम किया है और ‘दी बेस्ट थिंग अबाउट यू इज यू’ नामक पुस्तक भी लिखी है।

इसके पूर्व उन्होंने सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में तथा 2001 से 2004 तक राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के निदेशक के रूप में भी काम किया है। उन्होंने (1978 बैच) राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में शिक्षा प्राप्त की थी।

एफटीआईआई में अभिनय, निर्देशन और फिल्म निर्माण के अन्य तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जाता हैं। इन क्षेत्रों के लिए यह संस्थान देश का सर्वाधिक सम्मानित संस्थान माना जलाता है।