Chief Minister Yogi Adityanath honored sports personalities

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खेल विभूतियों को किया सम्मानित

लखनऊ, 23 फरवरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में एक बार फिर देश और प्रदेश की खेल विभूतियों को सम्मानित किया।

एक मीडिया समूह के सम्मान समारोह में सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खेलकूद की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के साथ ही पहली बार यह भी व्यवस्था बनाई है कि खेलों के लिए निजी एकेडमी चलाने वालों को शासन की ओर से प्रोत्साहित करेंगे और सहयोग करेंगे।

उन्होंने कहा कि बहुत सारे ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने निजी एकेडमी में ही प्रशिक्षण लिया है, लेकिन शासन उनको सपोर्ट नहीं कर पाता था। अब हम उन्हें भी प्रोत्साहित करेंगे जिससे अधिक से अधिक खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाया जा सकेगा।

इस दौरान सीएम योगी ने भारतीय क्रिकेटर मो. शमी, उत्तर प्रदेश की एथलीट पारुल चौधरी के साथ ही स्पोर्ट्स डायरेक्टर उत्तर प्रदेश आरपी सिंह को सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व भारतीय टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति समेत देश की जानी मानी खेल विभूतियां मौजूद रहीं।

नई खेल संस्कृति का उदय
सीएम योगी ने कहा कि देश की जानी-मानी खेल विभूतियां यहां पर मौजूद हैं। पीटी ऊषा जी हैं, कर्णम मल्लेश्वरी, साइना नेहवाल हैं, मोहम्मद शमी हैं, अंजू बॉबी, मुजफ्फर इकबाल, मैरी कॉम, योगेश्वर दत्त, इन सभी का प्रदेश शासन की ओर से स्वागत करता हूं, उनका अभिनंदन करता हूं।

हम सभी जानते हैं कि पिछले 10 वर्ष के अंदर प्रदेश और देश में एक नई खेल संस्कृति का उदय हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में खेलो इंडिया खेलो का अभियान प्रारंभ हुआ, फिट इंडिया मूवमेंट से लेकर सांसद खेलकूद प्रतियोगिता देश के सभी संसदीय क्षेत्र में आयोजित हो रही है। साथ ही खेलो इंडिया सेंटर आज प्रदेश देश के हर एक जनपद में स्थापित हो रहे हैं। एक नई खेल संस्कृति देश के अंदर पनपी है। उन्होंने कहा कि खेल अब समय काटने का माध्यम नहीं, बल्कि राज्य की, अपने देश की स्ट्रेंथ को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का भी एक सशक्त माध्यम बन चुका है और उसका प्रोत्साहन इस नई खेल संस्कृति के माध्यम से हम आगे बढ़ा सकें यह अत्यंत आवश्यक था। इस दृष्टि से जो कार्यक्रम आगे बढ़ाए गए आज उसके परिणाम हम सभी के सामने हैं।