हरियाणा में भी शुरू होगी डायल 100 सेवा, पंचकूला में बनेगा कंट्रोल रूम

चण्डीगढ़, 22 मई (जनसमा)। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक बी एस संधू ने कहा है कि प्रदेश में अपराधियों तक चंद मिनटों में पहुंचने के लिए अब पंचकूला में डायल 100 पुलिस सैल का गठन किया जाएगा। इस पुलिस सैल के साथ प्रदेश के प्रत्येक जिले को जोड़ा जाएगा। इसके लिए सभी जिलों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस 600 नए वाहन खरीदे जाएंगे। इस सैल के साथ फायर ब्रिगेड और एंबूलैंस को भी साथ जोड़ा जाएगा। उन्होंने यह जानकारी रविवार को कुरूक्षेत्र में दी।

उन्होंने कहा कि डायल 100 कंट्रोल रूम के साथ प्रदेश के सभी जिलों को जोड़ा जाएगा और प्रदेश का कोई व्यक्ति किसी भी जगह से इस 100 नबंर पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकेगा। इस शिकायत के तुंरत बाद जिलों में कंट्रोल रूम के साथ जुड़ा पुलिस सैैल अपराधियों तक पहुंचेगा। इस कंट्रोल रूम में सभी प्रकार की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी और सभी जिलों के लिए 600 नए वाहन भी खरीदे जाएंगे।

उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के साथ सौहार्द पूर्ण वातावरण बनाने के लिए और लोगों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए प्रदेश के 300 थानों में मित्र कक्ष स्थापित किए जाएंगें। सभी मित्र कक्ष पुलिस थानों से अलग जगह पर स्थापित किए जाएंगे। इन मित्र कक्षों में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई जा सकेगी और कई प्रकार की सु्विधाएं आन लाइन ही मुहैया करवाई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए आपरेशन दुर्गा की सफलता को देखते हुए इस आपरेशन को निरंतर जारी रखने का निर्णय लिया गया है और जुलाई माह से इस आपरेशन दुर्गा को गांव स्तर पर चलाया जाएगा। अब तक प्रदेश के शहरों में 120 जगहों की पहचान की गई है जहां पर महिलाओं के साथ छेडख़ानी होती है। इस प्रकार गांव पर स्तर पर इस प्रकार की जगहों की पहचान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को ठीक करने के लिए जुलाई माह में कम उम्र के बच्चों के साथ साथ अभिभावकों के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने माना की हरियाणा में पुलिस फोर्स की कमी है। इस कमी को पूरा करने के लिए 5 हजार पुलिस कर्मियों के साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है और 7 हजार नए पुलिस कर्मियों की भर्ती को शुरु किया जा रहा है।