ट्रेड फेयर में दिखेगी ‘डिजिटल इंडिया डिजिटल एम पी’ थीम

भोपाल, 30 जलुलाई (जस)। नई दिल्ली में 36वें अंतर्राष्ट्रीय भारतीय व्यापार मेले में मध्यप्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र का विकास और प्रमुख उपलब्धियाँ प्रदर्शित की जायेंगी। यह जानकारी मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अन्टोनी डिसा की अध्यक्षता में हुई बैठक में दी गई। बैठक में मुख्य सचिव ने मेले की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। मेला 14 से 18 नवंबर तक लगेगा। मध्यप्रदेश पेवेलियन में ‘डिजिटल इंडिया डिजिटल एम पी’ थीम पर सचित्र विवरण भी प्रदर्शित किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने मेले में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश, समग्र डाटाबेस तैयार किए जाने की उपलब्धि, सी एम हेल्पलाइन के माध्यम से जन शिकायतों के निराकरण, पर्यटन क्षेत्र के विकास, ई-नगरपालिका, पेपरलेस ऑफिस, हस्तशिल्प विकास आदि क्षेत्र की जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

व्यापार मेले में 18 नवंबर को मध्यप्रदेश दिवस पर प्रदेश की समृद्ध कला परंपरा का प्रदर्शन होगा। इस वर्ष नर्मदा नदी के महत्व पर केंद्रित कार्यक्रम और संगीत क्षेत्र में ड्रम्स ऑफ मध्यप्रदेश की प्रस्तुति होगी। बैठक में अपर मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा एस आर मोहंती, प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन एम.के. वार्ष्णेय, उद्योग आयुक्त वी.एल. कांताराव और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।