Achyuta Nanda Sahu

नक्सली हमले में चुनाव कवरेज पर गए दूरदर्शन कैमरामैन और दो सुरक्षाकर्मी शहीद

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में निलावाया के जंगलों में चुनाव कवरेज पर गए दूरदर्शन समाचार के एक कैमरामैन और दो सुरक्षाकर्मी मंगलवार को माओवादी हमले में शहीद हो गए।

आकाशवाणी के अनुसार दूरदर्शन की तीन सदस्यीय टीम दंतेवाड़ा जिले के अरणपुर क्षेत्र में विधान सभा चुनाव कवरेज के लिए गई थी। उनकी सुरक्षा के लिए जिला पुलिस बल की एक टीम भी साथ थी।

माओवादियों ने दंतेवाड़ा के जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर निलावाया के जंगलों में टीम पर घात लगाकर हमला किया।

पुलिस कर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में दूरदर्शन के कैमरामैन अच्युतानंद साहू, एक सहायक सब.इंस्पेक्टर रुद्र प्रताप सिंह और एक कॉन्स्टेबल मंगल राम मारे गए जबकि दो अन्य जवान घायल हो गए।

Martyred DD News cameraperson Achyuta Nanda Sahu ( Photo Courtesy DD News)