Bag handicraft

मध्यप्रदेश की बाग हस्तशिल्प कला चीन में भी लोकप्रिय

विश्व भर में अपनी पहचान बना चुकी मध्यप्रदेश की बाग हस्तशिल्प कला ने चीन में भी लोकप्रियता हासिल की है। भारत की ओर से चीन में दूसरी बार बाग प्रिंट का प्रदर्शन किया गया है। हाल ही में मध्यप्रदेश के बाग प्रिंट में राष्ट्रीय एवं पुरस्कार विजेता मोहम्मद बिलाल खत्री ने ‘‘चाइना (गुझाओ) में अन्तर्राष्ट्रीय फोक कल्चर टूरिज्म प्रोडक्ट एक्सपो-2017 में परम्परागत आदिवासी बाग प्रिन्ट हस्तकला का जीवंत प्रदर्शन किया।

चीन के गुझाओ प्रांत के गुयांग शहर में हुई एक्सपो में विश्व के 50 देशों ने हिस्सा लिया। बाग प्रिन्टर्स खत्री ने चीन की भौगोलिक एंव सांस्कृतिक परिस्थितियों को मद्देनजर रखते हुए आधुनिक एंव परम्परागत परिधान डिजाइन किए थे। इन परिधानों को चीन वासियो को उनके आधुनिक परिधानों के साथ भारतीय कलेवर की परम्परागत रिमिक्स के साथ प्रस्तुत किया गया था। बाग प्रिन्ट कृतियों को चीन वासियो ने पसंद किया।

फोक एक्सपो की डायरेक्टर सुश्री सन युकि ने बाग प्रिन्ट की सराहना करते हुए बाग प्रिन्ट के कलाकारों को आगे और भी मौके दिए जाने की बात कही। मोहम्मद बिलाल खत्री चीन के दोंगयोंग में वर्ल्ड क्राफ्ट्स काउंसिल की 50 वी गोल्डन जुबली सेलीब्रेशन समिट एंव एक्जीबिशन-2014 मे भी यादगार प्रदर्शन कर चुके हैं। साथ ही रूस के कालुगा गॉव मे तीसरे अर्न्तराष्ट्रीय इथनोमिर एस्पो 2014, रूस की मॉस्को स्टेट युनिवर्सिटी फॉर द हुमनिटीज के फाईन आर्ट के स्टूडेंट्स को बाग प्रिन्ट कला की मास्टर क्लासेस देकर प्रशिक्षण दिया। वर्ष 2014, मॉस्को में इन्डिया शो 2014, रूस की सेन्ट पीटर्सबर्ग स्टेट अकादमी ऑफ आर्ट एंड डिजाईन कॉलेज एंड यूनिवर्सिटी मे बाग प्रिन्ट हस्तकला की मास्टर क्लासेस 2014, बेहरीन फेस्टीवल ऑफ इंडिया-2012, ईरान के इस्फ़हान मे समुर्घ इंटरनेशनल हैंडीक्राफ्ट्स एक्जीबिशन-2016 सहित देश के कई महानगरो मे भी अपनी कला का जीवंत प्रदर्शन कर चुके हैं।