Fog

कोहरे और कड़कड़ाती ठण्ड ने जिन्दगी की रफ्तार थामी

देश के अनेक हिस्सों में कोहरे और कड़कड़ाती ठण्ड ने जिन्दगी की रफ्तार थाम दी है। देश के उत्तरी राज्यों में शीतलहर और कोहरे का कहर जारी है। घने कोहरे के कारण जम्मू.कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान सहित कई राज्यों में रेल, सड़क और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित और अस्तव्यस्त होगया है।

कोहरे के कारण देश के अनेक भागों में वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की खबर है। नेशनल हाईवे पर सिंघु बॉर्डर के पास कार दुर्घटना में पावर लिफ्टिंग के वर्ल्ड चैंपियन समेत 6 खिलाड़ियों का एक्सीडेंट हो गया, जिसमें चार खिलाड़ियों की मौत की जानकारी मिली है।  कोहरे की वजह से 128 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है और 36 ट्रेनें लेट चल रही हैं जबकि 9 ट्रेनों का समय बदला गया है।

दिल्ली में शनिवार मौसम का सबसे ठंडा दिन था जहां तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो औसत से तीन डिग्री कम है। आज सुबह मॉडरेट कोहरे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के कई हिस्सों में घिरा हुआ है।

जम्मू और कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में तापमान में गिरावट आई है। लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल की राजधानी शिमला में सबसे ठंडी रात थी। पारा शून्य से नीचे 1.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

श्रीनगर और कश्मीर घाटी के अन्य हिस्सों में ठंड की लहर चल रही है और कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों में हल्की बारिश या हिमपात का पूर्वानुमान हें।

राजस्थान में कड़ाके की ठंड है। श्रीगंगानगर में 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।