बिहार के राज्यपाल राम नाथ कोविंद होंगे एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी

नई दिल्ली, 19 जून (जनसमा)। बिहार के राज्यपाल राम नाथ कोविंद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की तरफ से राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी होंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को यह घोषणा की।

राम नाथ कोविंद का जन्म 1 अक्टूबर, 1945 को उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में हुआ था। कोविंद ने कानपुर विश्वविद्यालय से बी.कॉम और एल.एल.बी. की डिग्री हासिल की है।

बिहार के राज्यपाल राम नाथ कोविंद उत्तर प्रदेश से लगातार दो बार राज्यसभा के सदस्य रहे हैं।

कोविन्द भाजपा के प्रवक्ता भी रहे हैं लेकिन कभी भी टेलिविजन पर अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई क्योंकि वह सभी प्रकार के विवादों से दूर रहने में विश्वास रखते हैं।

वह जीवन में बहुत ही सादगी पसंद रहे हैं। 1994 में सांसद बनने से पहले कोविंद दिल्ली के कालीबाड़ी इलाके में किराए के एक मकान में रहते थे।

(फाइल फोटो: आईएएनएस)