सर्वाधिक नवजात शिशु आधार पंजीकरण करने वाला हरियाणा पहला राज्य

चंडीगढ़, 5 सितम्बर (जस)। हरियाणा के मुख्य सचिव डी. एस. ढेसी ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन के चलते हरियाणा सर्वाधिक नवजात शिशु आधार पंजीकरण करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। इससे बच्चों को प्रदान की जाने वाली चिकित्सकीय सेवाओं का आसानी से पता लगाने में सहायता मिलती है। ढेसी सोमवार को पंचकूला के नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभाग की 67 एम्बूलैंस को हरी झंडी देकर प्रदेश के विभिन्न जिलों में रवाना किया।

उन्होंने कहा कि नवजात शिशु आधार पंजीकरण में राष्ट्रीय औसत 22 प्रतिशत है जब की हरियाणा में यह पंजीकरण 70 प्रतिशत हो चुका है। प्रदेश के नागरिकों को उत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त करवाने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हर वर्ष 400 करोड़ रुपये खर्च करता है। इनमें गर्भवती महिलाओं, नवजात बच्चों तथा सडक़ दुर्घटनाग्रस्त लोगों को निशुल्क एम्बूलैंस सेवा उपलब्ध करवाना भी शामिल है।

ढेसी ने कहा कि एम्बूलैंस सेवा शुरू करने से अब तक करीब 28 लाख मरीज इस सुविधा का उपयोग कर चुके हैं। इस प्रकार इन सुविधाओं का प्रतिवर्ष 4 से 5 लाख तथा प्रतिदिन करीब 1100 मरीजों द्वारा उपयोग किया जाता हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को 102 नम्बर पर दी जाने वाली यह सुविधा मात्र 15 मिनट उपलब्ध करवाई जाती रही है।