दिल्ली में गर्मी ने तोड़ा पिछले 6 सालों का रिकार्ड

नई दिल्ली, 8 मई। राष्ट्रीय राजधानी  दिल्ली में अब गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को लू के थपेड़ों के बीच तापमान बढ़कर 44.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह गर्मी के मौजूदा मौसम में औसत तापमान से पांच डिग्री अधिक रहा। राजधानी में 2011 के बाद यह सर्वाधिक गर्म 7 मई रही। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।

हालांकि सोमवार की सुबह आंशिक बदली रही। रविवार को राष्ट्रीय राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 44.1 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

7 मई 2016 को अधिकतम तापमान 35.25 डिग्री और इसी दिन 2015 में आठ डिग्री ज्यादा 43.28 डिग्री रहा था। साल 2014, 2013, 2012 और 2011 में अधिकतम तापमान क्रमश: 36.24, 41.25, 40.25 और 39.24 डिग्री रहा था।

शनिवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा था। यह मौजूदा गर्मी के मौसम के औसत से दो डिग्री से ज्यादा रहा जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा।

उधर, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह से ही तेज धूप निकलने से तापमान में इजाफा हुआ है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से गर्मी और बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में और इजाफा होने की उम्मीद है।

जबकि मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित अन्य हिस्सों में सोमवार को धूप खिली और गर्मी का असर बना हुआ है। वहीं, मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में आगामी 24 घंटों में बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।

हालांकि राजधानी पटना सहित बिहार के कई हिस्सों में सोमवार को मौसम साफ रहा धूप निकली। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान कुछ क्षेत्रों में बादल छाए रहने तथा मंगलवार को पटना और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।