Shivraj

मध्यप्रदेश कैबिनेट में किसानों के लिए हुई अहम घोषणाएं

भोपाल, 07 जून (जनसमा)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को यहाँ मंत्रालय में संपन्न कृषि कैबिनेट की बैठक में तुअर और ग्रीष्मकालीन उड़द की समर्थन मूल्य पर खरीदी 10 जून से करने का निर्णय लिया गया। गर्मी की मूंग की खरीदी भी समर्थन मूल्य 5225 रूपये क्विंटल पर 10 जून से की जाएगी। खरीदी की पूरी व्यवस्थाएँ कर ली गयी हैं। खरीदी 30 जून तक चलेगी।

मुख्यमंत्री ने डिफाल्टर किसानों को दोबारा क्रेडिट नेट में शामिल करने के लिए समाधान योजना बनाने के निर्देश दिए। इससे उन्हें क्रेडिट योजना का लाभ दोबारा मिलने लगेगा। यह योजना वन टाइम समाधान की होगी।

कैबिनेट ने किसानों के लिए उपज की लागत निकाल कर लाभकारी मूल्य देने के लिए मध्य प्रदेश कृषि लागत और विपणन आयोग बनाने का निर्णय लिया। यह आयोग विभिन्न फसलों की लागत तय करने के बाद और लाभकारी मूल्य दिलाने का फार्मूला तय करेगा।

बैठक में बताया गया कि बैंकों में नगदी की समस्या समाप्त हो गयी है। किसानों को आसानी से नगद भुगतान हो रहा है। बैंकों को निर्देश दिये गए हैं कि किसानों को ज्यादा से ज्यादा नगद भुगतान करें। मालवा क्षेत्र में 4500 क्विंटल प्याज की खरीदी हो गयी है। खरीदी व्यवस्था सुचारू रूप से स्थापित होने से खरीदी में तेजी आएगी।

सरकार की ओर से 8 रूपये प्रति किलो की दर से 22 जिलों के 48 खरीदी केन्द्रों पर प्याज खरीदी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने 1000 करोड़ की लागत से स्थापित हो रहे मूल्य स्थिरीकरण कोष की स्थापना के आदेश तत्काल जारी करने के निर्देश दिए।