कश्मीर मामला यदि सरदार पटेल देखते तो स्थायी समाधान हो जाता

कश्मीर मामला यदि सरदार पटेल देखते तो स्थायी समाधान हो जाता : शिवराज

भोपाल, 31 अक्टूबर (जस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भारत का वर्तमान स्वरूप स्व. सरदार वल्लभ भाई पटेल के कारण है। उन्होंने अपनी दृढ़ता, बुद्धिमत्ता और युक्ति से सभी देशी रियासतों का भारत में विलय सुनिश्चित करवाया। शिवराज मंत्रालय पार्क में राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलायी।

फोटो : शिवराज सिंह चौहान सरदार वल्लभ भाई पटेल के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कश्मीर का मामला यदि सरदार पटेल देखते तो वर्तमान स्थिति नहीं बनती और कश्मीर समस्या का स्थायी समाधान हो जाता। उन्होंने भारत के स्वरूप को कायम रखते हुए देश को सही अर्थों में एक किया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात में उनकी वृहद प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि संकल्प लें कि देश की एकता को खंडित नहीं होने देंगे और इसके लिये सर्वस्व न्यौछावर कर देंगे। यही सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के सहकारिता राज्य मंत्री विश्वास सांरग, महापौर आलोक शर्मा, विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह, मुख्य सचिव अन्टोनी डिसा, जन-प्रतिनिधि, अधिकारी- कर्मचारी तथा नागरिक उपस्थित थे।