Jai Ram Thakur

जय राम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

जय राम ठाकुर ने शिमला में 27 दिसम्बर, 2017 को हिमाचल प्रदेश के 13वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की।

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने  ऐतिहासिक रिज मैदान पर हजारों की संख्या में उपस्थिति नागरिकों के बीच जय राम ठाकुर को प्रदेश के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान जनसमूह जयश्री राम के नारे लगा रहा था।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी, केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के अतिरिक्त देश के विभिन्न राज्यों के  मुख्यमंत्री भी उपस्थिति थे।

पूर्व मुख्यमंत्री शान्ता कुमार व प्रो. प्रेम कुमार धूमल तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति, सभी सांसद व विधायक भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री के अतिरिक्त, 11 मंत्रियों को भी शपथ दिलाई गई जिनमें धर्मपुर विधान सभा क्षेत्र से  महेन्द्र सिंह ठाकुर, धर्मशाला विधान सभा क्षेत्र से  किशन कपूर, शिमला शहरी विधान सभा क्षेत्र से सुरेश भारद्वाज, मण्डी सदर विधान सभा क्षेत्र से अनिल शर्मा, शाहपुर विधान सभा क्षेत्र से एक मात्र महिला मंत्री श्रीमती सरवीन चौधरी, लाहौल-स्पिति विधान सभा क्षेत्र से डॉ. रामलाल मारकण्डा, सुलह विधान सभा क्षेत्र से  विपिन परमार, कुटलैहड़ विधान सभा क्षेत्र से  विरेन्द्र कवंर, जसवां परागपुर विधान सभा क्षेत्र से बिक्रम सिंह, मनाली विधान सभा क्षेत्र से  गोबिन्द सिंह ठाकुर तथा कसौली विधान सभा क्षेत्र से डॉ. राजीव सहजल शामिल है।

जय राम ठाकुर के मंत्रिमण्डल में छः नए चेहरे शामिल किए गए है जबकि चार मंत्री कांगड़ा जिले से तथा दो मण्डी जिले से लिए गए हैं। सुरेश भारद्वाज तथा  गोबिन्द सिंह ठाकुर ने संस्कृत में शपथ ली।