Seva Gatha

आरएसएस के सेवा प्रभाग की वेबसाइट ‘सेवा गाथा’ का  लोकार्पण 

भोपाल , 10 जुलाई (जनसमा)।  राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा प्रभाग की वेबसाइट ‘सेवा गाथा’ का रविवार को एक समारोह में लोकार्पण किया गया। वेबसाइट मोबाइल फ्रेंडली होने के साथ ही फेसबुक और ट्वीटर पर शेयर भी की जा सकेगी।

वेबसाइट लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय चिंतन सारे विश्व को परिवार मानता है। स्वयंसेवक संघ ऐसा ही विशाल हृदय वाला राष्ट्रवादी संगठन है। यह संगठन समाज के लिये जीने वाले नागरिकों का निर्माण करता है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि वेबसाइट से समाज को अच्छे कार्यों की प्रेरणा और नई ऊर्जा मिलेगी।

संघ के सरकार्यवाह सदाशिव सुरेश जोशी भैय्या जी ने कहा कि भारतीय जीवन-शैली में सेवा का संस्कार रचा-बसा है। यहाँ मानव सेवा ईश्वर की सेवा मानकर की जाती है।

उन्होंने कहा कि गलत सामाजिक मान्यताओं से पीड़ित, अस्थिर जीवन शैली और दूरस्थ अंचलों में रहने वालों का एक बहुत बड़ा ऐसा वर्ग है, जो अपने मौलिक सामाजिक अधिकारों से वंचित है। उनमें बेहतर जीवन का आत्म-विश्वास जगाने के लिये समाज को विचार करना होगा।

भैय्या जी ने आशा व्यक्त की कि वेबसाइट की गाथाएँ, सेवा कार्य के लिये लोगों को आगे आने के लिये प्रेरित करेंगी।

अतिथियों का स्वागत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संचालक मध्य भारत सुरेश पिंपलीकर ने किया। आभार प्रदर्शन सह प्रांत संचालक मध्य भारत अशोक पांडे ने किया।

सेवा गाथा वेबसाइट की संपादक श्रीमती विजय लक्ष्मी ने गाथाओं के संकलन, वेबसाइट के स्वरूप और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

वेबसाइट सृजक स्वप्निल पारखिया ने तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी।