डिजिटल इंडिया अभियान : व्यापारियों को पी.ओ.एस. मशीनें देने पर विचार

भोपाल, 26 नवंबर (जस)। मध्यप्रदेश के व्यापारियों को. पॉइंट ऑफ सेलिंग (पी.ओ.एस.) मशीनें उपलब्ध करवाने पर विचार हो रहा है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को मुख्यमंत्री निवास में डिजिटल इंडिया अभियान लांचिग कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अभियान का संयोजन उच्च शिक्षा विभाग के ‘कैम्पस टू कम्यूनिटी’ कार्यक्रम में किया जा रहा है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और राष्ट्रीय सेवा योजना इसमें शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अभियान के जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश तेजी से बदल रहा और आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान को सफल बनाने के प्रयासो में मध्यप्रदेश सबसे आगे है। प्रदेश में सरकार द्वारा छात्रों और किसानों को डायरेक्ट बेनीफिट स्कीम से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युग पुरूष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़े नोट बंद कर आतंकवाद की कमर तोड़ दी है। इससे कालेधन और भ्रष्टाचार की समस्या नियंत्रित हुई है। उन्होंने कहा कि कालेधन, आतंकवाद और भ्रष्टाचार की समस्या का स्थायी समाधान डिजिटल इंडिया ड्राइव है।

चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के प्रयास कर रही है। कैशलेस ट्रांजेक्शन के लिये अपर मुख्य सचिव दीपक खांडेकर की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति गठित की गयी है। रोजमर्रा के आर्थिक व्यवहार में नगदी की आवश्यकता को सीमित करने की कोशिश की जा रही है। प्रदेश के व्यापारियों को 5 लाख प्वाइंट ऑफ सेलिंग (पी.ओ.एस.) मशीने कैसे उपलब्ध करवाई जाये। इस पर गंभीरता पूर्वक विचार किया जा रहा है।

शिवराज ने कहा कि आम जन द्वारा कैशलेस लेन देन को बढ़ावा देने के लिये सूचित और शिक्षित करने के प्रभावी प्रयासों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान की भूमिका महत्वपूर्ण है।