Madhya Pradesh has now been recognized again in the textile industry

टेक्सटाईल इण्डस्ट्री में मध्यप्रदेश ने कैसे बनाई अपनी पहचान

भोपाल, 18 अगस्त (जस)। मध्यप्रदेश हमेशा से टेक्सटाईल इंडस्ट्री में देश के प्रमुख केन्द्रों में गिना जाता रहा है। मध्यप्रदेश की कपड़ा मिलें विशेषकर मालवा की कपड़ा मिलों की ख्याति देश भर में रही है। यहाँ की चंदेरी, महेश्वर की साड़ियाँ दुनिया भर में अपनी अलग पहचान रखती हैं। टेक्सटाईल इंडस्ट्री में पिछले दशकों में टेक्नॉलाजी में परिवर्तन के कारण प्रदेश की कपड़ा मिलों पर बुरा असर पड़ा और मालवा अंचल की कई कपड़ा मिले इस कारण बंद भी हो गई।

ऐसी स्थिति में पिछले एक दशक में राज्य सरकार ने प्रदेश की टेक्सटाईल इण्डस्ट्री के पुनर्जीवन का बीड़ा उठाया। आकर्षक निवेश नीति बनी जिससे प्रदेश की टेक्सटाइल इण्डस्ट्री का पिछले सालों में तेजी से विकास हुआ। इसकी एक वजह कुशल श्रम और राज्य की प्रगतिशील नीति रही। एक दशक में मध्यप्रदेश देश में टेक्सटाईल इण्डस्ट्री के मुख्य केन्द्र के रूप में दोबारा से उभरा है। आज वर्द्धमान, ग्रेसिम, रेमण्ड जैसी प्रमुख कम्पनियों की यूनिट मध्यप्रदेश में काम कर रही हैं। हाल के वर्षों में देश की प्रमुख टेक्सटाईल कम्पनियों ने मध्यप्रदेश में निवेश किया है। टेक्सटाईल उद्योग में निवेश से प्रदेश के निर्यात को प्रोत्साहन मिला और कई सारे लोगों को रोजगार भी मिला है।

प्रदेश में टेक्सटाईल इण्डस्ट्री को प्रोत्साहन के लिये प्रदेश सरकार ने निवेशकों को आकर्षक पैकेज दिये। इनमें 5 साल की इंटरेस्ट सबसिडी, 7 प्रतिशत की कम्पोजिट सबसिडी टेक्सटाईल प्रोजेक्ट के लिये प्रमुख रूप से दी जा रही है। इसके अलावा निवेशकों को राज्य सरकार ने प्रवेश कर में छूट के साथ वेट और सीएसटी में भी विशेष सुविधाएँ उपलब्ध करवायी हैं।

टेक्सटाईल इण्डस्ट्री के माध्यम से प्रदेश में रोजगार को अधिक से अधिक बढ़ाया जा सकता है। प्रदेश में कपास उत्पादक किसानों की संख्या भी काफी है। प्रदेश का कपास उत्पादन वर्ष 2014-15 में 17 लाख 50 हजार गठान का था। इस दौरान प्रदेश के टेक्सटाईल उद्योग में 518.3 मिलियन किलोग्राम कपास का उपयोग किया जा रहा था।

प्रदेश में वर्तमान में 65 टेक्सटाईल मिल, 4203 लूम्स, 53 हजार 43 पॉवर लूम्स, 33 हजार 888 रोटर्स, 24 हजार 78 हजार 80 के करीब स्पिंडल्स और 49 स्पिनिंग यूनिट काम कर रही हैं। केन्द्र सरकार के वस्त्र मंत्रालय द्वारा शुरू किये गये कार्यक्रम के जरिये 25 हजार युवा को टेक्सटाईल टेक्नालॉजी और प्रोसेसिंग की ट्रेनिंग दिलवायी गयी।