Modi

मोदी ने भाजपा को ‘अजेय भारत, अटल भाजपा’ का नारा दिया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  ने  भाजपा कार्यकर्ताओं को ‘अजेय भारत, अटल भाजपा’ का नारा देते हुए कहा कि हम इसी विश्वास के साथ एकजुट हो आगे बढ़ते रहना है।

उन्होंने कहा कि हमें इस बात का पूर्ण विश्वास है कि आने वाले दिन अधिक उज्जवल रहने वाले हैं।

मोदी जी ने रविवार को नई दिल्ली के डॉ अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में दो दिनों से चल रही भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के समापन सत्र को को संबोधित किया और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विशेष रूप चर्चा की एवं पार्टी पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया।

भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम की चर्चा करते हुए नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जिस दल के पास परिश्रम की पराकाष्ठा पार करने वाले कार्यकर्ताओं का समर्पण भाव हो, उस दल को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।

श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए  मोदी ने कहा किअटल जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी एक संगठन, एक विचार, एक कार्यकर्ता और अपने कार्यपद्धति से हर स्तर पर एक तेजस्वी तारे के रूप में चमक रही है

श्रद्धेय अटल जी को भी यह विश्वास निश्चित रूप से होगा कि जिस सपने को लेकर भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई थी, उस सपने को पूरा कर देश को विश्व गुरु के रूप में पुनः प्रतिष्ठित करने का सामर्थ्य पार्टी के कार्यकर्ताओं में है

मोदी ने कहा कि हमें उन आशाओं व आकांक्षाओं को पूरा करना है

प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी की कई पीढ़ियों ने ‘भारत माता की जय’ के लिए और देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए अपना सर्वस्व अर्पण कर दिया, हमें भी इसी तरह देश के लिए निरंतर काम करते रहना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने 2022 तक देश के हर गरीब को छत देने का अभियान हाथ में लिया है। उन्होंने कहा कि हम सादगी के धरातल पर दिव्यता के साथ गरीबी-मुक्त एवं वैभव-युक्त भारत के निर्माण के लिए कृतसंकल्पित हैं। 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष  ने परिश्रम की पराकाष्ठा की है।