Bus accident

हिमाचल बस दुर्घटना में 40 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका

शिमला,13 अगस्त  (जनसमा)।   हिमाचल राज्य सड़क परिवहन की दो बसें बादल फट जाने के कारण बाढ  भूस्खलन के कारण पहाड के मलबा के नीचे दब गई। इन बसों की दुर्घटना में 40 से अधिक लोगों  के मारे जाने की आशंका  है। यह घटना मंडी जिले के कोटरूपी गांव के पास मंडी-पठानकोट राजमार्ग पर शनिवार देर रात  हुई।

अब तक मलबे  में दबी बसों से 16 शव बरामद किए गए हैं। एनडीआरएफ की टीम बचाव और राहत कार्यों में लगी हुई है और सभी संभव सहायता प्रदान की जा रही है। मनाली से कटरा जाने वाली बस में आठ यात्री सवार थे, जिनमें से तीन यात्रियों की मृत्यु हो गई है,  जबकि पांच लोगों को बचा लिया गया है, जिन्हें क्षेत्रीय अस्पताल मण्डी में दाखिल करवाया गया है। दो घायलों को प्राथमिक उपचार के उपरान्त अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने  बस दुर्घटनाओं के कारण जीवन के नुकसान पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने एक वक्तव्य में कहा है कि मृतक के परिवारों के साथ मेरी संवेदना है। मैं घायल लोगों शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के लिए प्रार्थना करता हूं।

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और परिवहन मंत्री बाली ने राहत और बचाव कार्यों का जायजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा किया।

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कोटरूपी का दौरा किया, जहां एक दुःखद घटना में शनिवार रात भीषण भू-स्खलन के नीचे दो बसें दब गईं। मुख्यमंत्री ने बचाव तथा राहत कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अन्तिम व्यक्ति को खोज निकालने तक बचाव कार्य जारी रहेगा।

यह दुर्घटनाग्रस्त बस का फोटो नहीं है। खबर को समझने के लिए है।

राज्य मुख्यालय में अन्तिम जानकारी प्राप्त होने तक दूसरी बस को भी मलबे से निकाल लिया गया है, जिसमें से नौ यात्रियों के शव बरामद हो चुके थे।

वीरभद्र सिंह ने मृतकों व घायलों के परिजनों को फौरी राहत राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि सरकार घायल यात्रियों की चिकित्सा पर आने वाले खर्च का वहन करेगी। उन्होंने सम्पत्ति के नुकसान का शीघ्र अनुमान लगाने के निर्देश दिए ताकि प्रभावितों को उचित मुआवजा तथा अन्य सहायता प्रदान की जा सके।

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से भी भेंट की तथा अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने इस दुःखद घड़ी में हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने लापता यात्रियों की सुरक्षा तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना की।

स्वास्थ्य मंत्री ने मृतकों के परिजनों को वित्तीय सहायता के तौर पर चार लाख रुपये की राशि देने, जबकि परिवहन मंत्री ने एचआरटीसी द्वारा एक लाख रुपये की घोषणा की।

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने जिला मण्डी के कोटरूपी में शनिवार देर रात भीषण भू.स्खलन के नीचे दो बसों के दबने से कई यात्रियों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।