New ministers

इन्दिरा गांधी के बाद निर्मला सीतारमण पहली रक्षा मंत्री बनाई गई

नई दिल्ली, 3 सितम्बर (जनसमा)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंत्रिपरिषद में  इन्दिरा गांधी के बाद निर्मला सीतारमण देश की पहली रक्षा मंत्री बनाई गई है।  पीयूष गोयल को रेल मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। अन्य दो नए कैबिनेट मंत्रियों में पेट्रोलियव व प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेद्र प्रधान को कौशल विकास उद्यमिता का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि मुख्तार अब्बास नकवी के पास अल्पसंख्यक मंत्रालय बरकरार रखा गया है।

नितिन गडकरी जो पहले से सड़क परिवहन व राजमार्ग व जहाजरानी मंत्रालय संभाल रहे हैं, वह अब जल संसाधन, नदी विकास व गंगा पुनर्जीवन मंत्रालय भी संभालेंगे।

स्वतंत्र प्रभार वाले तीन नए राज्य मंत्रियों आर.के. सिंह (बिजली, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा), हरदीप पुरी (आवास व शहरी मामले) व के.जे. अल्फोंस (पर्यटन, इलेक्ट्रॉनिक्स व आईटी) का प्रभार दिया गया है।

मंत्रिमंडल में शामिल छह नए राज्य मंत्रियों में -शिव प्रताप शुक्ला (वित्त), अश्विनी चौबे (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण), वीरेंद्र कुमार (महिला एवं बाल विकास और अल्पसंख्यक मामले), अनंत कुमार हेगड़े (कौशल विकास व उद्यमिता), गजेंद्र सिंह शेखावत (कृषि व किसान कल्याण) और सत्यपाल सिंह (मानव संसाधन विकास, जल संसाधन, नदी विकास व गंगा पुनर्जीवन) शामिल हैं।

सुरेश प्रभु को रेल मंत्रालय से हटाकर वाणिज्य व उद्योग मंत्रालय का कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इससे पहले वाणिज्य व उद्योग मंत्रालय सीतारमण के पास था। उमा भारती के पास अब सिर्फ पेय जल एवं स्वच्छता विभाग रहेगा।