हरियाणा के ‘खेल महाकुंभ’ में एक लाख लोगों के भाग लेने की संभावना

चण्डीगढ़, 27 मई (जनसमा)। हरियाणा में खेलों को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने के लिए इस वर्ष सितंबर और अक्टूबर मास के दौरान ‘खेल महाकुंभ’ का आयोजन किया जाएगा जिसमें 18,000 खिलाडिय़ों सहित लगभग एक लाख लोगों के भाग लेने की संभावना है। खेल महाकुंभ के दौरान खंड, जिला और राज्य स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

शुक्रवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में यहां आयोजित हरियाणा स्वर्ण जयंती उत्सव प्राधिकरण के शासी निकाय की बैठक में यह जानकारी दी गई।

बैठक में बताया गया कि विजेता टीमों और खिलाडिय़ों को भारत सरकार के मानदंडों के अनुसार पुरस्कार राशि दी जाएगी। खेल महाकुंभ का समापन समारोह 31 अक्तूबर, 2017 को हिसार में आयोजित किया जाएगा।

बैठक में हरियाणा के शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन, परिवहन और आवास मंत्री कृष्ण लाल पंवार, सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी राज्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल, श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी, सहकारिता राज्य मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, मुख्य सचिव डी.एस. ढेसी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, खेल और युवा मामले विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, के.के. खण्डेलवाल, विभिन्न विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।