राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सोनिया ने दी सिंधु को बधाई

रियो डी जनेरियो, 19 अगस्त | राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को ब्राजील की मेजबानी में खेले जा रहे 31वें ओलम्पिक खेलों में रजत पदक जीतने वाली महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु को उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।

सिंधु ने ओलम्पिक में शुक्रवार को ही महिला एकल वर्ग के फाइनल में रजत पदक पर कब्जा जमाया है। फाइनल में उन्हें विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी स्पेन की कैरोलिना मारिन ने मात दी है।

मारिन ने 10वीं विश्व वरीयता प्राप्त सिंधु को 19-21, 21-12, 21-15 से हराया। सिंधु का यह पहला ओलम्पिक था और उन्होंने अपने पहले ओलम्पिक में इतिहास रच दिया। वह फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। साथ ही बैडमिंटन में भारत को रजत पदक दिलाने वाली भी पहली खिलाड़ी हैं। इससे पहले लंदन ओलम्पिक 2012 में पांचवीं वरीयता प्राप्त सायना नेहवाल ने देश को बैडमिंटन में पहला पदक दिलाया था। उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया था।

राष्ट्रपति मुखर्जी ने ट्वीट किया, “साहस के साथ खेला गया शानदार खेल। पी.वी सिंधु को ओलम्पिक में रजत पदक जीतने पर दिल से बधाई।”

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करते हुए अपने बधाई संदेश में लिखा, “रजत पदत जीतने के लिए बधाई। आपने साहसिक खेल दिखाया। रियो ओलम्पिक-2016 में आपकी यह उपलब्धि ऐतिहासिक है जो लंबे समय तक याद रहेगी।”

वहीं सोनिया ने सिंधु के पदक को भारत माता के मुकुट का बेशकीमती गहना बताया है। उन्होंने अपने एक संदेश में कहा, “उनका रजत पदक भारत माता के मुकुट में सबसे कीमती गहना है। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए उदाहरण प्रस्तुत किया है।”

भारत के खेल मंत्री विजय गोयल भी सिंधु को बधाई देने वालों में शामिल हैं। उन्होंने ट्वीट किया, “आप अच्छा खेलीं पी.वी. सिंधु, आपने जीतने के लिए बेहद साहस दिखाया। आप हारी नहीं हैं, आपने लाखों लोगों के दिलों को जीता है।”

उन्होंने लिखा, “पी.वी.सिंधु आप भारत के उन खिलाड़ियों के लिए प्ररेणास्त्रोत हैं जो खेल को एक पेशे के तौर पर लेने से डरते हैं।”

कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी सिंधु को बधाई दी है। उन्होंने लिखा है, “शानदार मैच पी.वी. सिंधु, रियो में पहला रजत पदक, काफी गर्व की बात है। बहुत बधाई।”

एथेंस ओलम्पिक-2004 में भारत को निशानेबाजी में रजत पदक दिलाने वाले और सूचना एवं प्रसारण मंत्री राजवर्धन राठौर ने भी सिंधु को बधाई दी है। राठौर ने कहा, “आपकी लड़ाई और रियो ओलम्पिक में आपके तिरंगे को लहराने के दृढसंकल्प पर गर्व है। आपके रजत पदक ने कई स्वर्ण पदकों के लिए रास्ता खोल दिया है।”

लंदन ओलम्पिक-2012 में कांस्य पदक जीतने वाली महिला मुक्केबाज मैरी कॉम ने एक संदेश में लिखा, “रजत पदक जीतने पर ढेर सारी बधाई। आपने अपने देश को गौरवान्वित किया है पी.वी. सिंधु। आपकी मेहनत रंग लाई।”

टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस ने भी सिंधु को ट्वीट कर बधाई दी है। उन्होंने लिखा, “पी.वी.सिन्धु आपको अपने पर गर्व होना चाहिए। पूूरे भारत को है। आपने जिस तरह खेला और टक्कर दी वह एक योद्धा की पहचान है।”

भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के अध्यक्ष अखिलेश कुमार दास ने सिंधु और राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद को बधाई दी है। दास ने सिंधु को 50 लाख रुपये और गोपीचंद को 10 लाख रुपये देने की घोषणा की है।

सिंधु की प्रशंसा करते हुए दास ने कहा, “मैं उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने और भारत को गौरवान्वित करने के लिए बधाई देता हूं। भारतीय बैडमिंटन के लिए यह बड़ी सफलता है और इसने विश्व स्तर पर भारतीय बैडमिंटन की ताकत को दर्शाया है। यह रजत पदक देश के लाखों बच्चों और उन्हें खेल खेलने के लिए प्ररेणा देगा। बीएआई और भारतीय बैडमिंटन की तरफ से मैं उन्हें इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं।”

उन्होंने कहा, “मैं कोच पी.गोपीचंद को भी बधाई देता हूं जिन्होंने भारत को इस ऊंचाई तक पहुंचाया है। पद्म भूषण गोपीचंद ने अपने खेलने के दौरान भारत को कई सफलताएं दिलाई हैं और अब उनके खिलाड़ी नई दहलीज लांघ रहे हैं। भारतीय बैडमिंटन उन जैसे कोच को पाकर धन्य है।”

–आईएएनएस