झारखंड और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भोपाल पहुंचे

भोपाल, 12 सितंबर | देश के गरीबों के कल्याण के लिए योजनाओं का खाका खींचने के लिए मध्य प्रदेश सहित झारखंड व महाराष्ट्र के मुख्यमंत्रियों की संयुक्त बैठक सोमवार को भोपाल में हो रही है। इस बैठक में हिस्सा लेने झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास व महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भोपाल पहुंच गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के गरीबों के कल्याण के लिए योजनाएं बनाने की जिम्मेदारी एक समिति को सौंपी थी, इस समिति का अध्यक्ष मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बनाया गया है। इस समिति की पहली बैठक सोमवार को भोपाल में हो रही है। यह बैठक गरीब कल्याण एजेंडा पर चर्चा प्रस्तावित है। इस बैठक में भाजपा के मध्य प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्घे भी हिस्सा ले रहे हैं।

झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास और उसके बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस विशेष विमान से भोपाल पहुंचे। स्टेट हेंगर पर दोनों मुख्यमंत्रियों का प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग, नेहरू युवा केंद्र के उपाध्यक्ष वी.डी शर्मा, महापौर आलोक शर्मा सहित कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री आवास पर हो रही इस बैठक में गरीबों के कल्याण की योजनाओं का खाका खींचा जाएगा और उन पर विस्तार से चर्चा होगी। समिति की यह पहली बैठक है।             –आईएएनएस

(फाइल फोटो)