De Harshvardhan

दिल्‍ली में रानी-झांसी फ्लाईओवर आम जनता के लिए खोल दिया गया

उत्‍तरी दिल्‍ली में महत्‍वाकांक्षी फ्लाईओवर परियोजना, रानी-झांसी ग्रेड सेपरेटर मंगलवार 16 अक्टूबर सेे आम जनता के लिए खोल दिया ।

छह लेन वाला 1.8 किलोमीटर लंबा ये ग्रेड सेपरेटर तीस हजारी अदालत परिसर के निकट सेंट स्‍टीफन अस्‍पताल को फिल्मिस्‍तान सिनेमा से जोड़ता है।

दिल्‍ली के बर्फखाना, डीसीएम चौक, आजाद मार्केट और सब्‍जी मंडी जैसे क्षेत्रों को इस फ्लाईओवर से जोड़ने के लिए इंटरसेक्‍शनों की व्‍यवस्‍था की गई है।

इससे हर रोज न केवल 5 लाख यात्रियों को लाभ पहुंचेगा, बल्कि वाहनों की मुक्‍त आवाजाही से प्रदूषण कम करने और ईंधन की बचत करने में भी मदद मिलेगी।

विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान और पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ हर्षवर्धन 16 अक्टूबर, 2018 को दिल्ली में रानी झांसी फ्लाईओवर के उद्घाटन के अवसर पर संबोधित करते हुए।

इस अवसर पर केन्‍द्रीय पर्यावरण मंत्री  डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि इस फ्लाईओवर की आधारशिला करीब एक दशक पहले रखी गई थी और यह अनेक बार निर्माण पूरा करने संबंधी निर्धारित समयसीमा का अनुपालन करने में विफल रहा।

डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, ‘‘पिछले डेढ़ वर्ष के दौरान करीब 43 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा किया गया और इस सेपरेटर के निर्माण में कई चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा, लेकिन परियोजना का कार्य जारी रखा और अंतत: इसे नागरिकों के लिए तैयार किया।

केन्‍द्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित थे।

उन्‍होंने कहा कि ‘‘केन्‍द्र सरकार दिल्‍ली में अधूरी पड़ी अनेक परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा रही है और मार्च, 2019 तक ऐसी सभी परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा।’’

****