रियो ओलम्पिक : चीनी महिला भारोत्तोलक ने रचा विश्व कीर्तिमान

रियो डी जनेरियो, 10 अगस्त | चीन की महिला भारोत्तोलक वेइ डेंग ने ब्राजील की मेजबानी में चल रहे ओलम्पिक खेलों के चौथे दिन मंगलवार को नया विश्व कीर्तिमान रचते हुए अपने देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया। डेंग ने महिलाओं की 63 किलोग्राम भारवर्ग में कुल 262 किलोग्राम भार उठाया और नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया।

डेंग हालांकि स्नैच में विश्व कीर्तिमान नहीं तोड़ पाईं। डेंग ने स्नैच के पहले प्रयास में 108 किलोग्राम, दूसरे प्रयास में 112 किलोग्राम और तीसरे प्रयास में 115 किलोग्राम भार उठाया।

इसके बाद उन्होंने क्लीन एंड जर्क के पहले प्रयास में 138 किलोग्राम भार उठाया और दूसरे प्रयास में 147 किलोग्राम भार उठाते हुए उन्होंने कीर्तिमान रच दिया।

उल्लेखनीय है कि स्नैच का विश्व कीर्तिमान अभी भी रूस की स्वेतलाना सारुकेएवा के नाम है, जिन्होंने 2011 में 117 किलोग्राम भार उठाकर इसे स्थापित किया था।

डेंग के इस स्वर्ण के साथ ही चीन के रियो ओलम्पिक में सात स्वर्ण पदक हो गए और कुल 16 पदकों के साथ चीन ने अमेरिका को पछाड़ते हुए पदकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

स्पर्धा का रजत उत्तर कोरिया की सिम चो ह्यो और कांस्य पदक कजाकिस्तान की कारिना गोरिचेवा ने हासिल किया। सिम चो ह्यो ने कुल 248 किलोग्राम जबकि कारिना ने कुल 243 किलोग्राम भार उठाए।

–आईएएनएस