Shivraj Singh Chouhan and Rajiv Pratap Rudy

रोजगार की पढ़ाई – चलें आई.टी.आई. अभियान का पूरे मध्यप्रदेश में शुभारंभ

भोपाल, 11 मई (जनसमा)। कौशल प्रशिक्षण के प्रति युवाओं में जागरूकता लाने और उन्हें कौशल प्रशिक्षण के लिये प्रेरित करने के लिये मध्यप्रदेश का “रोजगार की पढ़ाई – चलें आई.टी.आई.” अभियान का गुरूवार को यहाँ पूरे प्रदेश में एक साथ शुभारंभ हुआ। अभियान इस वर्ष चार चरण में किया जायेगा और हर साल चलेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केन्द्रीय कौशल विकास राज्य मंत्री राजीव प्रताप रूड़ी के साथ स्थानीय गोविंदपुरा स्थित आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से अभियान की शुरूआत की। सभी जिलों में शुभारंभ सत्र का सजीव प्रसारण किया गया।

फोटो : शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजीव प्रताप रूडी ने गोविन्दपुरा आई.टी.आई. में मुख्यमंत्री कौशल विकास केन्द्र का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनसंख्या को कौशल सम्पन्न बनाकर इसे प्रदेश की ताकत बनायेंगे। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में कौशल सम्पन्न मानव संसाधन की जरूरत है। भारत हमेशा से ज्ञान और कौशल का देश रहा है। उन्होंने कहा कि यह कौशल सम्पन्न जनशक्ति का निर्माण कर मध्यप्रदेश को बदलने का मिशन है।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में अधोसंरचना को सशक्त किया गया है। नए ट्रेड शुरू किये गये हैं और सभी विभाग को कौशल विकास से जोड़ा गया है। आज आई.टी.आई में दो लाख सीट उपलब्ध हैं। इन्हें भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बढ़ाया जायेगा। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में संचालित आई.टी.आई को निर्देश दिये गये हैं कि वे पढ़ाई और प्रशिक्षण की गुणवत्ता को सुधारें।

केन्द्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजीव प्रताप रूड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्किल्ड इंडिया की कल्पना को मध्यप्रदेश में पूरी क्षमता और दक्षता के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से कौशल सम्पन्न देश रहा है। कौशल सम्पन्न लोगों ने ही आम जिन्दगी को आरामदायक और सरल बनाया है। भारत को कौशल सम्पन्न जनशक्ति की जरूरत है। इस दिशा में पिछले छह दशक में ध्यान नहीं दिया गया। प्रधानमंत्री ने अलग मंत्रालय बनाकर कौशल और श्रम को सम्मानजनक स्थान दिलवाया।