रूसी रिले टीम से छिना बीजिंग ओलम्पिक में जीता रजत पदक

रियो डी जनेरियो, 20 अगस्त | बीजिंग ओलम्पिक में महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर रिले रेस के फाइनल में दूसरे स्थान पर रूसी टीम से रजत पदक छीन लिया गया है। अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) ने यह घोषणा की। उल्लेखनीय है कि रूस की धाविका एनस्तासिया कापाचिंस्काया के डोपिंग का दोषी पाए जाने के बाद यह फैसला लिया गया, क्योंकि एनस्तासिया रजत पदक विजेता उस रूसी टीम का हिस्सा थीं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, आईओसी ने शुक्रवार को अपने बयान में कहा कि नई तकनीक के उपयोग से 2008 बीजिंग ओलम्पिक के नमूनों के फिर से हुए विश्लेषण से निकले परिणाम में एनास्तासिया को प्रतिबंधित दवा ‘स्टेनोजोल’ और ‘टुरिनाबोल’ के सेवन का दोषी पाया गया।

आईओसी ने अपने बयान में कहा, “रूसी संघ को महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर रिले रेस स्पर्धा से बाहर किया जाता है। उन्हें अपने पदक और अन्य चीजें वापस करनी होगी।”

अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति ने कहा कि डेकाथलॉन स्पर्धा में हिस्सा लेने वाले रूसी एथलीट अलेक्जेंडर पोगोरेलोव के नमूने की भी फिर से जांच की गई, जिसमें उन्हें ‘टुरिनाबोल’ के सेवन का दोषी पाया गया। इस कारण उन्हें बीजिंग ओलम्पिक की डेकाथलॉन स्पर्धा से अयोग्य करार दिया गया, जिसमें उन्हें चौथा स्थान हासिल हुआ था।

रूस के गोला फेंक एथलीट इवान युशकोव को भी बीजिंग ओलम्पिक के दौरान लिए गए नमूने की जांच में तीन प्रतिबंधित दवाओं के सेवन का दोषी पाया गया।                   –आईएएनएस