टाटा इंडस्ट्रीज ने मिस्त्री को बोर्ड निदेशक पद से हटाया

मुंबई, 12 दिसंबर | टाटा इंडस्ट्रीज ने सोमवार को टाटा संस के अपदस्थ निदेशक साइरस मिस्त्री  को अपने बोर्ड के निदेशक पद से हटा दिया। कंपनी ने अपनी असाधारण आमसभा (ईजीएम) में यह फैसला किया।

जानकार सूत्रों ने बताया, “टाटा इंडस्ट्रीज ने अपने ईजीएम में साइरस पी. मिस्त्री को कंपनी के निदेशक के पद से हटा दिया। वह अब कंपनी के अध्यक्ष भी नहीं रह गए हैं।”

टाटा इंडस्ट्रीज, टाटा संस की गैरसूचीबद्ध सहायक कंपनी है। टाटा मोटर्स, टाटा पॉवर और टाटा स्टील सहित टाटा की कई कंपनियों की इस कंपनी में हिस्सेदारी है।

टाटा इंडस्ट्रीज की प्रमुख गतिविधियों में टाटा की नए व्यापार में प्रवेश को बढ़ावा देना तथा ऑपरेटिंग कंपनियों के विकास के लिए निवेश करना है।

ईजीएम के बाद टाटा इंडस्ट्रीज के बोर्ड में के.आर.एस जामवाल, आर. भिंगे, इरीना विट्टल, आशीष धवन, एन. श्रीनाथ और एफ.एन. सूबेदार शामिल हैं।

टाटा संस ने इससे पहले मिस्त्री से कहा था कि वे कारपोरेट गर्वनेंस पर अपने मूल्यों का पालन करते हुए टाटा कंपनियों के बोर्ड से खुद इस्तीफा दे दें।

टाटा संस ने 24 अक्टूबर को मिस्त्री को हटाकार रतन टाटा को बोर्ड का अंतरिम अध्यक्ष बना दिया था। –आईएएनएस

(फाइल फोटो)