Voters UP

उप्र चुनाव : प्रथम चरण में 64.22 प्रतिशत मतदान

नई दिल्ली/लखनऊ , 11 फरवरी | उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रथम चरण का मतदान शनिवार को शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। निर्वाचन आयोग के अनुसार 15 जिलों की 73 विधानसभा सीटों के लिए कुल 64.22 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी. वेंकटेश ने यहां कहा कि सभी मतदान केंद्रों से आंकड़े आने के बाद मतदान का अंतिम प्रतिशत 64.22 हो गया है।

वेंकटेश ने कहा कि आगरा जिले की फतेहाबाद विधानसभा सीट पर सर्वाधिक 71.8 प्रतिशत मतदान हुआ। सरधना, सिवाल खास सीटों पर भी मतदान का प्रतिशत 70 फीसदी दर्ज किया गया है।

निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा।

अधिकारी ने कहा कि दो स्थानों पर सत्ताधारी समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष की खबरें आईं हैं।

मतदान के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। केंद्रीय बलों की 826 कंपनियां तैनात की गई थीं।

संवेदनशील इलाकों में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी, और ईवीएम में आई गड़बड़ियां तत्काल दूर कर ली गईं।

बागपत के एक मतदान केंद्र पर ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत मिली, जिसकी वजह से मतदान कुछ समय के लिए रुका रहा। वहीं, फिरोजाबाद की लेबर कॉलोनी में बूथ संख्या 169 में शुरुआत के आधे घंटे तक मतदान शुरू नहीं हो सका। इसके बाद ईवीएम में आई तकनीकी खराबी दूर होने पर मतदान शुरू हो पाया।

मतदान शुरू होने के बाद भाजपा सचिव व मथुरा से पार्टी उम्मीदवार श्रीकांत शर्मा भी वोट डालने पहुंचे। उन्होंने मतदान केंद्र पर बेहतर व्यवस्था न होने का आरोप लगाया।

मथुरा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार प्रदीप माथुर ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

वहीं, सरधना सीट से भाजपा उम्मीदवार संगीत सोम ने वोट डालने के बाद कहा कि भाजपा चुनाव में जीत दर्ज कर रही है।

पहले चरण में सबसे अधिक आगरा दक्षिण से 26 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि सबसे कम छह उम्मीदवार हस्तिनापुर, इगलास और लोनी विधानसभा सीटों पर हैं।

पहले चरण में कुल 2,60,17,128 मतदाता मतदान के पात्र थे। इनमें 1,42,76,128 पुरुष और 1,17,76,308 महिलाएं शामिल हैं। मतदान के लिए 14,514 केंद्र बनाए गए थे।

प्रथम चरण में कुल 839 प्रत्याशी हैं। इसमें महिला प्रत्याशियों की संख्या 77 है। मतदान स्थलों पर 2,362 डिजिटल कैमरे, 1526 वीडियो कैमरे लगाए गए हैं। 2,857 जगहों पर वेब कास्टिंग की व्यवस्था भी की गई थी।

नई दिल्ली में निर्वाचन उपायुक्त विजय देव ने कहा कि चुनाव से पूर्व 19.56 लाख रुपये नकदी, 4.4 लाख लीटर शराब, और 14 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी जब्त किए गए हैं।

कुछ स्थानों पर लोगों ने चुनाव का बहिष्कार कर रखा था। इस बारे में देव ने कहा कि जिन सात स्थानों पर लोगों ने चुनाव का बहिष्कार कर रखा था, उनमें से छह स्थानों पर मुद्दे सुलझा लिए गए।

प्रथम चरण के मतदान के दौरान आबादी के लिहाज से सबसे बड़ा क्षेत्र गाजियाबाद का साहिबाबाद और सबसे छोटा विधानसभा क्षेत्र एटा का जलेसर है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव के दौरान इन 73 सीटों में से सपा को 24, बसपा को 23, भाजपा को 12, राष्ट्रीय लोकदल को नौ और कांग्रेस को पांच सीटों पर जीत मिली थी।

–आईएएनएस