उत्तराखंड : त्रिवेंद्र रावत ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली

देहरादून, 18 मार्च | त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शनिवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल कृष्णकांत पॉल ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

 टीवी फोटो : उत्तराखंड के राज्यपाल कृष्णकांत पॉल त्रिवेंद्र सिंह रावत को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाते हुए

रावत ने राज्य के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके अलावा, सतपाल महाराज, प्रकाश पंत, हरक सिंह रावत ने भी मंत्री पद की शपथ ली, मदन कौशिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली, कौशिक हरिद्वार से विधायक हैं,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष यशपाल आर्य ने भी मंत्री पद की शपथ ली, अरविंद पांडे ने भी मंत्री पद की शपथ ली, सुबोध उनियाल को भी सरकार में शामिल किया है।

सोमेश्वर सीट से 710 वोटों से जीत दर्ज करने वाली रेखा आर्य को भी मंत्री बनाया गया है। श्रीनगर से पहली बार विधायक बने धन सिंह रावत को भी मंत्रीमंडल में जगह दी गई है।

राष्ट्रीय स्यंवसेवक संघ (आरएसएस) के लंबे समय से कार्यकर्ता रहे त्रिवेंद्र रावत के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह सहित कई वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे।

इस साल हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को मात देते हुए 70 में से 57 सीटों पर अपना कब्जा जमाया था, रावत राज्य में भाजपा के पांचवें मुख्यमंत्री हैं, पार्टी ने उत्तराखंड में अपनी पहली सरकार साल 2000 में बनाई थी, जब उत्तर प्रदेश से अलग होकर यह राज्य बना था।

नित्यानंद स्वामी राज्य के पहले मुख्यमंत्री बने थे। त्रिवेंद्र सिंह रावत को बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह का करीबी माना जाता है, 2014 के लोकसभा के दौरान रावत ने शाह के साथ काम किया था,मंत्री के रूप में उन्हें कई वर्षों का अनुभव है। उनका नाम बीजेपी नेता प्रकाश पंत ने प्रस्तावित किया था, सतपाल महाराज ने भी उनके नाम पर हामी भरी थी, हालांकि ये दोनों नेता भी सीएम पद की रेस में थे, रावत प्रदेश के नौवें मुख्यमंत्री होंगे।   –आईएएनएस