धरना-प्रदर्शन करने वालों का विकास से कोई वास्ता नहीं : वसुन्धरा

जयपुर, 18 अगस्त। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ के लिए धरने-प्रदर्शन करते हैं, विकास से उनका कोई वास्ता नहीं। उन्होंने कहा कि कोई भी विकास कार्य धरने-प्रदर्शन के आधार पर नहीं, जनता की जरूरत और उस जगह की आवश्यकता को देखकर होता है। राजे बुधवार को सूरतगढ़ में 2105 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास के बाद समारोह को सम्बोधित कर रही थीं।

वसुन्धरा ने कहा कि आज का दिन श्रीगंगानगर जिले के लिए विकास दिवस के रूप में याद किया जाएगा। आज के 2105 करोड़ के विकास कार्यों के उद्घाटन एवं शिलान्यास से पहले श्रीगंगानगर जिले में 1580 करोड़ रुपए के कार्य हो चुके हैं। इस प्रकार अब तक करीब 3680 करोड़ रुपए की सौगात श्रीगंगानगर जिले को मिल चुकी है। ये विकास कार्य स्पष्ट करते हैं कि राजस्थान सरकार हर जिले के विकास के लिए समर्पित है।

राजे ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राजस्थान सड़क क्रांति के माध्यम से देश का अव्वल राज्य बन गया है। केन्द्र सरकार के सहयोग से राजस्थान राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में देश में पहले स्थान पर है। उन्होंने बताया कि सड़कों के मामले में हमारा प्रदेश सौभाग्यशाली है। 2013-14 में केन्द्र से प्रदेश को 312 करोड़, 2014-15 में 342 करोड़ और 2015-16 में 1762 करोड़ रुपए मिले हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसम्बर 2013 में जब हमारी सरकार बनी तब राष्ट्रीय राजमार्गों की लम्बाई 7310 किमी थी, जो अब 9326 किमी हो जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान वसुन्धरा ने केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और राजस्थान के पीडब्ल्यूडी मंत्री यूनुस खान को राखी बांधी।

केंद्रीय परिवहन एंव राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि राजस्थान में सरकार के पांच साल पूरे होने से पहले ही एक लाख करोड़ रुपए की सड़कें बनाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि वसुंधरा राजे के नेतृत्व में राजस्थान खूब तरक्की कर रहा है। यहां विकास के नये आयाम स्थापित हो रहे हैं। गडकरी ने कहा कि कांडला पोर्ट से जैसलमेर, बाड़मेर तथा राजस्थान के अन्य जिलों को जोड़ने के लिए जल मार्ग परियोजना पर 16 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।