देश में 70 फीसदी हेरिटेज संपदा राजस्थान के पास : वसुन्धरा

जयपुर, 5 सितम्बर (जस)। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा है कि देश में 70 फीसदी हेरिटेज संपदा राजस्थान के पास है और इसे अन्य राज्यों के मुकाबले विशेष पहचान दिलाने के लिए नई सोच के साथ विभिन्न राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय आयोजनों के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के अच्छे परिणाम भी सामनेे आ रहे हैं।

राजे रविवार को उदयपुर सिटी पैलेस के दरबार हॉल में इण्डियन हेरिटेज होटल्स एसोसिएशन (आईएचएचए) के पंचम वार्षिक सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हेरिटेज पर्यटन के सभी महत्वपूर्ण कारकों लोक कला, संस्कृति, परंपराओं, इतिहास आदि में राजस्थान के अग्रणी होने के कारण यह राज्य देश और दुनिया के पर्यटकों का पसन्दीदा स्थान है।

राजस्थान में हेरिटेज पर्यटन की अपार संभावनाओं के मद्देनज़र राज्य सरकार इस क्षेत्र के बहुआयामी विकास के लिए विशेष प्रयास कर रही है। देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए रुचिकर माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रदेशभर में मेलों-पर्वों और उत्सवों के नए पर्यटन आकर्षण केन्द्र विकसित करने पर फोकस किया जा रहा है।

उन्होंने  कहा कि राजस्थान में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में बहुत कुछ किए जाने की जरूरत है। इसके लिए उन्होंने सभी संबद्ध जनों का आह्वान किया कि वे पर्यटन विकास और हेरिटेज संरक्षण के क्षेत्र में नवाचार करें और इस विषय में बेहतर गतिविधियों के संचालन के लिए राज्य सरकार को सुझाव दें। उन्होंने बताया कि हेरिटेज संरक्षण एवं हेरिटेज पर्यटन विकास के लिए प्रदेश में ग्राम पंचायतों तक जरूरी कार्यवाही व राजस्व से संबंधित प्रक्रियाओं के शीघ्र संपादन की सुव्यवस्थित कार्यवाही सुनिश्चित की गई है।