उप्र और बिहार में तीन लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू

उत्तर प्रदेश की दो और बिहार  की एक,  कुल तीन लोकसभा सीटों के उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 5 बजे समाप्त होगा। परिणामों की घोषणा 14 मार्च को होगी।

उत्तर प्रदेश में दो लोकसभा सीटें गोरखपुर और फूलपुर हैं,  जबकि एक सीट बिहार में अररिया है । इलाहाबाद जिले के फूलपुर में भाजपा, सपा और कांग्रेस के सहित 22 उम्मीदवारो मैदान में हैं जबकि 10 उम्मीदवार गोरखपुर में चुनाव लड़ रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बन जाने के कारण योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे के बाद गोरखपुर तथा केशव प्रसाद मौर्य के उपमुख्यमंत्री बन जाने के कारण फूलपुर सीट खाली होगई थी। फूलपुर लोकसभा सीट से कभी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू चुनाव लड़ा करते थे।

गोरखपुर की सीट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए प्रतिष्ठा की सीट है। योगी यहां से 5 बार लोकसभा के लिए चुने जा चुके हैं।

बिहार में अररिया लोकसभा सीट के अलावा, दो सीटों पर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा हैं। ये सीटें हैं जहानाबाद और भभुआ। सभी मतदान बूथों पर वीवीपीएटी के साथ ईवीएम इस्तेमाल किया जा रहा है।