We have to defeat the dictatorial forces and form a people-friendly government.

तानाशाही ताकतों को हराकर, जनहितैषी सरकार बनानी है

नई दिल्ली, 03 फरवरी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘न्याय संकल्प सम्मेलन’ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अपनी पूरी शक्ति के साथ तानाशाही ताकतों को हराकर, केंद्र में कांग्रेस की जनहितैषी सरकार बनानी है।

उन्होंने कहा कि हमें पूरे जोश और उत्साह के साथ काम करना है, जन-जन तक कांग्रेस का संदेश पहुंचाना है। गुरुगोविंद सिंह जी का संदेश है- किसी भी इंसान को ना तो डरना चाहिए और ना ही डराना चाहिए। डर आपके दिमाग में होता है।
मोदी जी के दिमाग में भी डर है, तभी वह डराते रहते हैं। इसलिए ना हम डरेंगे और ना नहीं डराएंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज हर घंटे देश का एक किसान और दो नौजवान आत्महत्या कर रहे हैं।आम आदमी पर टैक्स और GST का भारी बोझ है। मोदी सरकार अमीरों को करोड़ो रुपए कर्जा दे रही है, लेकिन किसानों को देने के लिए इनके पास पैसा नहीं हैं।

बीजेपी पर आरोप लगते हुए खड़गे ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में BJP सरकार सिर्फ भारत के लोगों की भावनाओं के साथ खेलती रही। इन्होंने छोटे व्यापारियों को मदद का भरोसा दिया, लेकिन कर्ज केवल BJP-RSS के लोगों को दिया। गरीब को लोन मिलता ही नहीं है, क्योंकि इन्होंने बैंक वालों को भी डराकर रखा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा आज अगर कोई अन्याय के विरुद्ध लड़ता है तो FIR हो जाती है। PM मोदी विपक्ष को ED, CBI, IT से डराकर राज करना चाहते हैं। अगर MP, MLA विपक्ष के हैं तो वह कलंकित होते हैं, लेकिन अगर वो BJP में शामिल हो जाएं तो वह साफ हो जाते हैं।

बेरोज़गारी की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आज देश के सरकारी विभागों में 30 लाख पद खाली हैं। PM मोदी नौकरियां इसलिए नहीं दे रहे हैं, क्योंकि इसमें आरक्षण से SC, ST और OBC के लोग आएंगे।

खड़गे ने कहा मोदी जी का नारा था- सबका साथ, सबका विकास लेकिन उन्होंने सबका सत्यानाश कर दिया है। आज हर अख़बार में ‘मोदी की गारंटी’ लिखा रहता है। मोदी जी की गांरटी थी- हर साल 2 करोड़ नौकरियां, लोगों के खाते में 15-15 लाख रुपये, लेकिन मोदी ने कुछ भी नहीं दिया। PM मोदी ने सिर्फ युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों को धोखा देने का काम किया। जबकि कांग्रेस ने जो भी वादा किया, उसे पूरा करके दिखाया।