Yoga

शहर दर शहर योग कर रहे हैं पूर्वी चीन के योग प्रेमी

Yoga in Chinaजियाक्सिंग (झेंजियांग), 22 जून (जनसमा)। योग के द्वारा भारत के साथ स्वस्थ और सामंजस्यपूर्ण जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूर्वी चीन के योग प्रेमी शहर दर शहर योग करके अपनी अपनी भावना व्यक्त कर रहे हैं।

इसी संदर्भ में गुरूवार को झेंजियांग में तीसरे अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। इसमें एक हजार से ज्यादा योग प्रेमियों ने भाग लिया। यह आयोजन नानयांग पाॅलिटेक्निक काॅलेज (एनपीसी) में संपन्न हुआ। इसमें एनपीसी के विभिन्न संकायों के छात्रों, योग क्लबों के सदस्य और स्थानीय मीडिया के लोग भी शामिल थे।

इस अवसर पर अपने उद्घाटन भाषण में जियाक्सिंग के वाइस मेयर पू फानवी ने कहा, ‘‘योग विश्व को भारत का एक उपहार है और चीन में भी इसने स्थान बना लिया है। ठीक वैसे ही जैसे बौद्ध धर्म ने अपना स्थान बनाया।’’

उन्होंने जोर देकर कहा कि छात्रों को प्रतिदिन योगाभ्यास करना चाहिए जिससे वे स्वस्थ और प्रसन्न रह सकें।

शंघाई स्थित भारतीय दूतावास ने चीनी भाषा के जानकार योग शिक्षक का प्रबंध किया जिन्होंने योग कार्यक्रम का संचालन किया। इसमें एक हजार से अधिक योग प्रेमियों ने भाग लिया।

खास बात यह है कि पूर्वी चीन में शंघाई, झेजियांग और जिंगसू में तीसरा अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस शंघाई स्थित भारतीय दूतावास ने आयोजित किया।