अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विभागीय परीक्षाएं

शिमला, 01 जनवरी। हिमाचल प्रदेश विभागीय परीक्षा बोर्ड द्वारा 4  से 12 अप्रैल 2016 तक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विभागीय परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।

बोर्ड के एक प्रवक्ता ने बताया कि ये विभागीय परीक्षाएं विभिन्न श्रेणियों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आयोजित की जाएंगी, जिनमें भारतीय प्रशासनिक सेवाएं, हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाएं, तहसीलदार/नायब तहसीलदार, भारतीय वन सेवा, हिमाचल प्रदेश वन सेवा सहित अन्य राजपत्रित व अराजपत्रित अधिकारियों, आबकारी एवं कराधान विभाग के निरीक्षक, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड के नागरिक अभियंताओं, विद्युत एवं यात्रिक अभियंताओं और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के सहायक अभियंता नागरिक तथा वरिष्ठ प्रबंधक शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों की सुविधा के लिए बोर्ड द्वारा वित्त प्रबन्धन के पेपर-एक की परीक्षाएं हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग शिमला के अतिरिक्त धर्मशाला एवं मण्डी में भी आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि वे अधिकारी एवं कर्मचारी, जो विभागीय परीक्षा देने के इच्छुक हैं, अपने आवेदन निर्धारित प्रपत्र पर 23 फरवरी, 2016 से पूर्व बोर्ड को प्रेषित करें।