सचिव

अपूर्व चंद्र ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में सचिव का पदभार संभाला

भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अपूर्व चंद्र ने आज सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में सचिव का पदभार ग्रहण किया।

इससे पहले अपूर्व चंद्र 01 अक्टूबर, 2020 से श्रम और रोजगार मंत्रालय में सचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं। अपूर्व चंद्र ने 01 दिसम्बर, 2017 से रक्षा मंत्रालय में महानिदेशक (अधिग्रहण) के रूप में भी कार्य किया है।

चंद्र ने 2013 से 2017 के बीच चार वर्षों से अधिक समय के लिए महाराष्ट्र सरकार में प्रधान सचिव (उद्योग) के रूप में कार्य किया है।

चंद्र भारत सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में सात साल से अधिक समय तक रहे हैं।

वे उद्योगों को ईंधन आपूर्ति, लोजिस्टिक्स, परिवहन तथा ईंधन उत्पादों के वितरण व भंडारण आदि के संबंध में नीति निर्माण प्रक्रिया में शामिल रहे हैं।

वे प्राकृतिक गैस परिवहन अवसंरचना, शहर में गैस वितरण के लिए कंपनियों की स्थापना, एलएनजी इम्पोर्ट टर्मिनल और उद्योगों को गैस के आवंटन आदि कार्यों से सीधे तौर पर जुड़े रहे हैं।

अपूर्व चंद्र महारत्न पीएसयू, गेल (इंडिया) लिमिटेड और पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड के निदेशक मंडल में भी रह चुके हैं।   चंद्र ने आईआईटी दिल्ली से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक और संरचना (स्ट्रक्चरल) इंजीनियरिंग में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है।