आश्रम फ्लाईओवर

आश्रम फ्लाईओवर का लोकार्पण, अब जाम नहीं

आश्रम फ्लाईओवर : नई दिल्ली, 06 मार्च। आश्रम फ्लाईओवर से गुजरने वाले वाहन चालकों को अब जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज आश्रम फ्लाईओवर के डीएनडी तक विस्तार का लोकार्पण कर दिल्ली- एनसीआर के लोगों को होली का तोहफा दिया।

आश्रम फ्लाईओवर के खुलने से आईटीओ, नोएडा और गाजियाबाद से लाजपत नगर जाने वाले लोगों को अब आश्रम फ्लाईओवर पर जाम से नहीं जूझना पड़ेगा।

फ्लाईओवर विस्तार के उद्घाटन अवसर पर दिल्लीवासियों को बधाई देते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आश्रम फ्लाईओवर के खुलने से नोएडा से एम्स तक सिग्नल फ्री सफर कर सकेंगे और लाजपत नगर से आने वाले लोग बिना रुकावट के सराय काले खां और डीएनडी जा सकेंगे। इसके निर्माण के दौरान लोगों को जो परेशानी हुई, उसके लिए मुझे खेद है।

सीएम ने कहा कि हमारी सरकार दिल्ली के सड़क और ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को सुधारने के लिए दिन-रात मेहनत कर रही है। दिल्ली में 101 फ्लाईओवर और अंडरपास हैं। इनमें से 74 पिछले 65 साल में बने थे, जबकि हमारे कार्यकाल में 27 बने हैं। वहीं, 15 फ्लाईओवर, फ्लाईओवर के एक्टेंशन या फ्लाईओवर की डबलिंग के प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। 

आश्रम फ्लाईओवर के डीएनडी तक विस्तार के लोकार्पण के दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री कैलाश गहलोत, कालकाजी से विधायक आतिशी, जंगपुरा से विधायक प्रवीण कुमार और ओखला से विधायक अमानतुल्लाह खान के अलावा लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

अभी कुछ छोटे-मोटे काम बचे हैं। जैसे अभी हाईटेंशन तार है। इसलिए कुछ दिन तक अभी इस पर हल्के वाहन चलेंगे। जब हाईटेंशन तार हटा दिए जाएंगे, तो भारी वाहनों को भी अनुमति दे दी जाएगी। यह फ्लाईओवर 1425 मीटर लंबा है।

दिल्ली में अभी तक 101 फ्लाईओवर और अंडरपास हैं। इनमें से लगभग 27 फ्लाईओवर और अंडरपास पिछले 7 साल में हमारी सरकार में बने हैं। पिछले 65 साल में 74 फ्लाईओवर और अंडरपास बने थे और हमारे सात साल के कार्यकाल में 27 बने हैं। 

दिल्ली के अंदर अभी 15 बड़े-बड़े फ्लाईओवर, फ्लाईओवर के एक्टेंशन या फ्लाईओवर की डबलिंग के प्रोजेक्ट चल रहे हैं, जो आने वाले दिनों में जनता को समर्पित किए जाएंगे।

पंजाबी बाग में 6 लेन का फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। उम्मीद है कि इसे इसी साल दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। सराय काले खां के पास एक फ्लाईओवर की डबलिंग का काम चल रहा है। यह 31 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। आनंद विहार के पास रोड नंबर 56 पर फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है, जो 31 अगस्त तक पूरा हो जाएगा।

गगन सिनेमा पर मंगल पांडे फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। नेहरू प्लेस के साबित्री सिनेमा के पास फ्लाईओवर की डबलिंग की जा रही है। इसी तरह शालीमार बाग के रोटरी क्लब फ्लाईओवर, नजफगढ़ फिरनी फ्लाईओवर, मां आनंदमयी फ्लाईओवर, त्रिपोलिया गेट से रानी झांसी फ्लाईओवर, ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर, नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर, वजीराबाद सिग्नेचर ब्रिज से डीएनडी फ्लाई-वे तक एलिवेटेड रोड, नेहरू प्लेस फ्लाईओवर का मोदी मील फ्लाईओवर तक एक्सटेंशन, खेड़ा खुर्द तक एलसी-12 रेलवे ओवर ब्रिज पर काम चल रहा है। इन प्रोजेक्ट के पूरे होने से लोगों को जाम से काफी राहत मिलेगी। 

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की सड़कों का सुंदरीकरण करने, रोज सफाई-धुलाई, मैकेनिकल सकिंग मशीन से मिट्टी हटाने का कार्य भी पाइप लाइन में हैं। इस कार्य की जल्द ही शुरूआत की जाएगी। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की 60 फीट से चौड़ी करीब 1480 किलोमीटर सड़कें हैं।

पहले चरण में हम पीडब्ल्यूडी की सड़कों की सफाई का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अब कई जगहों पर सड़कें सुंदर दिखने लगी हैं। कई जगह फूल-पत्तियां तो कई जगह अच्छी- अच्छी लाइट दिख रही हैं। सड़कों के सुंदरीकरण का कई जगह काम शुरू हो गया है। हमें दिल्ली और दिल्ली की सड़कों को सुंदर बनाना है। आने वाले दिनों में कई और सड़कें खूबसूरत दिखाने लगेंगी।