उप्र में धूप निकलने से ठंड से मिली राहत

लखनऊ, 2 जनवरी। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित अधिकांश जिलों में शनिवार सुबह से ही गुनगुनी धुप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार हालांकि अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की जायेगी।

मौसम विभाग के निदेशक जे पी गुप्ता के अनुसार सुबह कोहरे का असर दिखायी दिया। दिन चढ़ने के साथ ही कोहरे का असर कम हो गया। गुनगुनी धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिलेगी।

गुप्ता के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में और दो डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किये जाने का अनुमान है।

लखनऊ के अलावा शनिवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री, कानपुर का 5 डिग्री, गोरखपुर का 5.3 डिग्री, इलाहाबाद का 6 डिग्री और झांसी का 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।             (हि.स.)