उप्र में 2 अक्टूबर से शुरू होगी डायल ’100’ परियोजना

लखनऊ, 14 मई (जनसमा)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश पुलिस राज्यव्यापी डायल ‘100’ परियोजना का संचालन 02 अक्टूबर, 2016 से शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि लखनऊ सहित वाराणसी, आगरा, गाजियाबाद और झांसी जनपदों में इस परियोजना की शुरुआत के लिए वे स्वयं वहां जाएंगे।

अखिलेश शुक्रवार को यहां अपने सरकारी आवास पर पुलिस आधुनिकीकरण हेतु राज्य सरकार के सलाहकार वेंकट चंगावल्ली के साथ परियोजना के क्रियान्वयन में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। यादव ने कहा कि परियोजना के लिए तैनात होने वाले पुलिस कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाए। पुलिस कर्मियों को जनता के साथ अच्छा व्यवहार और घटना स्थल पर समय से पहुंचने के लिए प्रशिक्षित किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कटिबद्ध है। इसके मद्देनजर पुलिस बल को सभी आधुनिक संसाधनों सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कम से कम समय में मौके पर पुलिस पहुंच सके, इस उद्देश्य से प्रदेश सरकार यह परियोजना लागू कर रही है।

अखिलेश यादव ने डायल ‘100’ परियोजना के लिए मानक तय करते हुए कहा कि इसे सबसे तेज, बड़ी, सस्ती, प्रभावी और बेहतर सेवा के तौर पर विकसित किया जाए।

बैठक के दौरान चंगावल्ली ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि परियोजना के तहत 3200 चार पहिया वाहन सक्रिय रहेंगे। इनमें 700 इनोवा तथा 2500 बोलेरो गाडि़यां होंगी और ये सभी वाहन काले रंग के होंगे। वर्तमान मंे परियोजना के भवन का निर्माण लखनऊ में शहीद पथ पर तेजी से कराया जा रहा है।