ऑक्सीजन

ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, सिलेंडर, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर इंजेक्शन राज्यों को भेजे गए

भारत सरकार  ने विदेशो से प्राप्त कोविड राहत सामग्री के तहत  कुल मिलाकर 20 अप्रैल 2021 से 10 मई 2021 तक 9200 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 5243 ऑक्सीजन सिलेंडर, 19 ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट, 5913 वेंटिलेटर , 3.44 लाख रेमडेसिविर इंजेक्शन सड़क और वायु मार्ग से  राज्यों को भेजे हैं।

भारत को संयुक्त अरब अमीरात, इजराइल, अमेरिका, नीदरलैंड से 610 वेंटिलेटर्स, 300 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर
और फैवीपीरावीर की 12600 स्ट्रिप्स 10 मई को  प्राप्त हुई हैं। प्रत्येक स्ट्रिप में 40 गोलियां होती हैं।

भारत में कोविड-19 के मामले में आए अभूतपूर्व उछाल को देखते हुए भारत सरकार को उसके खिलाफ लड़ाई में विभिन्न देशों  और  संगठनों से 27 अप्रैल 2021 से दान, चिकित्सा सामग्री और राहत उपकरणों की सहायता प्राप्त हो रही है।

भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों ने आने वाली वैश्विक सहायता को राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को पहुंचाने के लिए एक सुव्यवस्थित तंत्र के माध्यम से सहयोग किया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा नियमित आधार पर राज्यों / केन्द्र शासित प्रदेशों और संस्थानों को मिलने वाली राहत सामग्री का प्रभावी रूप से तत्काल आवंटनऔर वितरण की प्रक्रिया पर व्यापक निगरानी की जा रही है।

अनुदान, सहायता और दान के रूप में विदेशी कोविड राहत सामग्री की प्राप्ति और आवंटन के समन्वय के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में एक अलग से समन्वय सेल बनाया गया है।

इस सेल ने 26 अप्रैल 2021 से काम करना शुरू कर दिया। 2 मई, 2021 से स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा एक मानक संचालन प्रक्रिया को तैयार कर उसे क्रियान्वित किया गया है।

Photo : आईएनएस ऐरावत द्वारा राहत सहायता के रूप में सिंगापुर से 3600 ऑक्सीजन सिलेंडरों को कल शाम को विशाखापत्तनम बंदरगाह पर लाया गया। जिन्हें विभिन्न राज्यों में वितरण के लिए भेजा जाएगा।