गणतंत्र दिवस समारोह

गणतंत्र दिवस समारोह उत्साह और गरिमा से मनाया गया

गणतंत्र दिवस समारोह देशभर में उत्साह, जोश और गरिमा से मनाया गया। 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्‍य समारोह आज 26 जनवरी, 2023 को नई दिल्‍ली में कर्तव्‍य-पथ पर आयोजित किया गया।
परम्‍परा के अनुसार, राष्‍ट्रीय ध्‍वज फहराया गया और उसके बाद राष्‍ट्रगान हुआ तथा 105 एम.एम. के इंडियन फील्‍ड बंदूकों से 21 तोपों की सलामी दी गई।
राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणतंत्र दिवस आयोजनों में देश का नेतृत्‍व किया और सलामी लेने के साथ ही परेड की शुरुआत हुई।
मिस्र के राष्‍ट्रपति अब्‍देल फतह अल सीसी इस वर्ष की परेड में मुख्‍य अतिथि थे। परेड आज सुबह राष्‍ट्रीय समर स्‍मारक पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की पुष्‍पाजंलि के साथ प्रारम्‍भ हुई।
परेड के लिए कर्तव्‍य-पथ पर उपस्थित दर्शकों पर एम.आई.-17 वन-वी और वी-5 हेलीकॉप्‍टरों ने फूल बरसाए।
परेड में, थलसेना का नेतृत्व 61 घुड़सवार दस्ते, नौ मैकेनाइज़्ड कॉलम और छह मार्चिंग सैन्य-दल ने किया।
गणतंत्र दिवस समारोह की परेड में, स्वदेश में विकसित अर्जुन टैंक, नाग मिसाइल प्रणाली, के-9 वज्र-होवित्जर तोप और आकाश शस्त्र प्रणाली का प्रदर्शन किया गया।
वायुसेना की मार्चिंग टुकड़ी में चार अधिकारी और 144 योद्धा शामिल थे। नौसेना की टुकड़ी में 144 युवा सैनिक शामिल थे और इसका नेतृत्व महिला अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर दिशा अमरीठ ने किया।
पहली बार, तीन महिलाओं और छह अग्निवीरों ने भी परेड में हिस्सा लिया। परेड में तटरक्षक, केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल, रेलवे संरक्षा बल, दिल्ली पुलिस, एनसीसी और एनएसएस की भी भागीदारी रही।
पहली बार,सीमा सुरक्षा बल की महिला ऊंटसवारों ने भी परेड में सहभागिता की।
गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत 23 जनवरी को महान स्‍वतंत्रता सेनानी सुभाष चन्‍द्र बोस की जयंती पर हुई और समापन तीस जनवरी को शहीद दिवस पर किया जाएगा।