जयपुर के मानसरोवर

जयपुर के मानसरोवर में बिका 19 करोड़ 54 लाख रू. में एक व्यावसायिक भूखंड 

जयपुर, 24 सितम्बर। जयपुर के मानसरोवर इलाके में आज एक व्यावसायिक भूखंड 19 करोड़ 54 लाख रूपये में बिका। इसके अलावा मानसरोवर और प्रताप नगर में 3 व्यावसायिक भूखंड 29 करोड़ 3 लाख रूपये में बिके।
आवासन आयुक्त  पवन अरोड़ा ने बताया कि बुधवार नीलामी उत्सव के तहत सभी को किश्तों में आवास योजना में इस बुधवार प्रदेश में मंडल की 86 सम्पत्तियां बिकीं, जिससे मंडल को 38 करोड़ 33 लाख रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
उन्होंने बताया कि जयपुर के मानसरोवर और प्रताप नगर योजनाओं में 3 व्यावसायिक भूखंडों को ई-ऑक्शन के माध्यम से बेचा गया, जिनके विक्रय से मंडल को 29 करोड़ 3 लाख रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
अरोड़ा ने बताया कि इस योजना में जयपुर वृत्त प्रथम में 71 लाख 25 हजार रूपये मूल्य की 3 सम्पत्तियां और जयपुर वृत्त तृतीय में 67 लाख 21 हजार रूपये मूल्य की 4 सम्पत्तियां बिकीं।
इसी तरह जोधपुर वृत्त प्रथम और द्वितीय में 1 करोड़ 21 लाख रूपये मूल्य की 9 सम्पत्तियां बिकीं।
उन्होंने बताया कि कोटा वृत्त में 1 करोड़ 71 लाख रूपये मूल्य की 21 सम्पत्तियां, बीकानेर वृत्त में 16 लाख 77 हजार रूपये मूल्य की 2 सम्पत्तियां, उदयपुर वृत्त में 1 करोड़ 46 लाख रूपये मूल्य की 12 सम्पत्तियां और अलवर वृत्त में 3 करोड़ 34 लाख रूपये मूल्य की 32 सम्पत्तियां बिकीं।