दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार

दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार काे आज मुंबई में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार (सुपुर्द-ए-ख़ाक) कर दिया गया। उनका अंतिम संस्कार सांताक्रूज के जुहू कब्रिस्तान में किया गया।

शव यात्रा से पहले उनके पार्थिव शरीर को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लपेटकर सम्मानित किया गया ।

दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का आज सुबह 7ः30 बजे लंबी बीमारी के बाद मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया था। वह 98 वर्ष के थे।

दिलीप कुमार को पिछले बुधवार को सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके परिवार में पत्नी सायरा बानो हैं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे खार में दिलीप कुमार के आवास गए और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और कई राजनीतिक हस्तियों और बॉलीवुड के अन्य दिग्गजों ने दिलीप कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महान सिने अभिनेता दिलीप कुमार जी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उनके दिवंगत हो जाने से हमारे सांस्कृतिक संसार को नुकसान पहुंचा है।

अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा है ‘दिलीप कुमार जी को हमेशा सिने जगत के दिग्गज के रूप में याद किया जायेगा। उन्हें बेमिसाल प्रतिभा मिली थी। जिसने दर्शकों की कई पीढ़ियों को मंत्र.मुग्ध किया। उनके परिवार, मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनायें। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’

दिलीप कुमार को  भारतीय सिनेमा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए 1991 में प्रतिष्ठित अलंकरण पद्मभूषण से सम्मानित किया गया था। दिलीप कुमार को 1994 में दादा साहब फाल्के पुरस्कार और 2015 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया जा चुका था।

दिलीप कुमार को  आंध्र प्रदेश सरकार ने 1997 में एनटीआर राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया। पाकिस्तान सरकार ने कुमार को 1998 में पाकिस्तान में सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार निशान.ए.इम्तियाज से सम्मानित किया।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अभिनेता दिलीप कुमार के निधन पर दुख जताया है। कोविंद ने एक ट्वीट में कहा दिलीप कुमार ने अपने आप में उभरते भारत के इतिहास को संक्षेप में प्रस्तुत किया। राष्ट्रपति ने कहा उनके निधन से एक युग का अंत हो गया। उन्होंने कहा दिलीप साहब भारत के दिल में हमेशा जिंदा रहेंगे। ’

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने प्रसिद्ध अभिनेता श्री दिलीप कुमार के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

उपराष्ट्रपति ने दिलीप कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उनके निधन ने सिनेमा के क्षेत्र में एक अपूरणीय शून्य पैदा कर दिया है। श्री नायडू ने असाधारण अभिनेता की बहुमुखी प्रतिभा को याद करते हुए कहा कि यद्यपि उन्हें ट्रेजेडी किंग के नाम से जाना जाता है, प्रसिद्ध अभिनेता सबसे बहुमुखी अभिनेताओं में से एक थे और सामाजिक नाटकों से लेकर रोमांटिक नायक तक की भूमिका समानरूप से उत्तम तरीके से निभाए।

सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने मशहूर अभिनेता दिलीप कुमार के निधन पर दुख व्यक्त किया है।