वैक्सीनेशन

दिल्ली में वैक्सीनेशन : 30 लाख लोगों को पहली डोज नहीं लगी

दिल्ली में  45 साल की उम्र से अधिक करीब 57 लाख लोगों में से अभी 30 लाख लोगों को वैक्सीन की पहली डोज नहीं लगी है।
यह जानकारी मुख्यमंत्री  अरविंद केजरीवाल ने दी  और कहा कि पोलिंग स्टेशन को ही वैक्सीनेशन सेंटर बना दिया गया है।
केजरीवाल आज 9 जून, 2021 को लांसर रोड स्थित राजकीय सर्वोदय विद्यालय में ‘जहां वोट, वहीं वैक्सीनेशन’ अभियान के तहत बनाए गए वैक्सीनेशन सेंटर का दौरा किया और 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगावाने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा दिल्ली सरकार द्वारा ‘जहां वोट, वहां वैक्सीनेशन’ अभियान के तहत एक नए किस्म का प्रयोग किया जा रहा है।
दिल्ली में करीब 57 लाख लोग 45 साल से अधिक उम्र के हैं और इसमें से करीब 27-28 लाख लोगों को वैक्सीन लग चुकी है और करीब 30 लाख लोगों को अभी वैक्सीन नहीं लगी है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा *वैक्सीनेशन सेंटर पर कम लोग आ रहे थे, इसलिए दिल्ली सरकार घर-घर जाकर लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए निमंत्रित और जागरूक कर रही है।
 इसी के मद्देनजर यह नए किस्म का अभियान शुरू किया गया है कि 45 साल से अधिक उम्र के लोगों का ‘जहां वोट, वहीं वैक्सीनेशन’ किया जाएगा। लोग जहां पर वोट डालने जाते हैं, वहीं पर उनको वैक्सीन लगाई जा रही है।