देश में कहीं गर्मी का कहर, तो कहीं बदली से राहत !

नई दिल्ली, 29 अप्रैल | देश के अधिकांश हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी से अभी राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। कहीं गर्मी अपना ही पुराना रिकार्ड तोड़ रही है तो कहीं सूखे से जन-जीवन बेहाल है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह आंशिक बदली छाई। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, “आसमान में आंशिक बदली छाई रहेगी। सुबह और शाम में धुंध रह सकती है।”

फोटोः भीषण गर्मी के मौसम में अपनी प्यास बुझाता एक युवक। (आईएएनएस)

आईएमडी के मुताबिक, अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह 8.30 बजे आद्र्रता 51 प्रतिशत दर्ज की ई।

दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री में 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर शुक्रवार को आसमान पर मौजूद हल्के बादलों ने धूप की चुभन से राहत दिलाई, लेकिन उमस का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान सागर, सिवनी, रीवा, छिंदवाड़ा, उज्जैन, दतिया आदि स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने के साथ-साथ बौछारें पड़ने का भी अनुमान जताया है। भोपाल का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री, इंदौर का 23.4 डिग्री, ग्वालियर का 21.5 डिग्री और जबलपुर का 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इससे पहले गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री, इंदौर का 40.7 डिग्री, ग्वालियर का 43.1 डिग्री और जबलपुर का 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश की बात करें तो राजधानी लखनऊ तथा आसपास के इलाकों में शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप और चिलचिलाती गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान अभी तापमान में और बढ़ोत्तरी दर्ज किए जाने का अनुमान जताया है। उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में तेज लू के साथ गर्म हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्घि दर्ज किए जाने का अनुमान है। बुंदेलखंड व पश्चिमी उप्र के कई जिलों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियसय के आसपास दर्ज किये जाने की सम्भावना है।

लखनऊ के अतिरिक्त शुक्रवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री, कानपुर का 25 डिग्री, गोरखपुर का 26.5 डिग्री, झांसी का 26.7 डिग्री, बांदा 29 डिग्री और इलाहाबाद का 27 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।

बिहार में राजधानी पटना सहित अन्य स्थानों में शुक्रवार सुबह आसमान साफ है तथा तेज धूप निकली है। मौसम विभाग अगले एक-दो दिनों तक बिहार में धूप और लू से राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है।

पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के उप निदेशक आऱ क़े गिरी ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। पूर्णिया और उसके आसपास के जिलों का तापमान थोड़ा कम रहेगा परंतु पटना, गया और अन्य जिलों में लू का कहर जारी रहेगा।

राजधानी पटना में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 44 डिग्री के करीब रहने की संभावना है।

इसके अलावे पूर्णिया का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री, भागलपुर का 22.6 तथा गया का 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना का गुरुवार को अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री, पूर्णिया का 39.8 डिग्री और गया का 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।