नव वर्ष पर वीरभद्र ने जनता का आभार प्रकट किया

शिमला, 01 जनवरी। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को नववर्ष के अवसर पर विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, केन्द्रीय मंत्रियों, राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विभिन्न राज्यों के मंत्रियों, मंत्रीमण्डल के सहयोगियों, विधानसभा सदस्यों, विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों, शिमला नगर निगम के महापौर एवं उप-महापौर, पार्षदों, वरिष्ठ अधिकारियों और विभागाध्यक्षों ने शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री को आज प्रात: उनके निवास स्थान हॉली-लॉज जाकर भी सैंकड़ों लोगों ने व्यक्तिगत रूप से नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और बाद में लोगों ने उनके कार्यालय जाकर भी उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री ने नववर्ष की शुभकामनाएं देने के लिए सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेषकर प्रदेश की जनता का प्रदेश सरकार को विकास के प्रमुख क्षेत्रों में प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए दिए गए सहयोग के लिए आभार जताया।

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज राजभवन में राज्यपाल आचार्य देवव्रत से भेंट कर, उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें सुखद व मंगलमय नववर्ष की शुभकामनाएं देेते हुए उनके जीवन में प्रसन्नता एवं खुशहाली की कामना की।

सिंचाई एवं जन-स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. (कर्नल) धनी राम शांडिल व शहर के अन्य प्रबुद्ध व्यक्तियों ने भी राजभवन जाकर राज्यपाल को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

आचार्य देवव्रत ने उन्हें बधाई देने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि नया वर्ष सभी के जीवन में सौभाग्य, समृद्धि और प्रसन्नता लाएगा।