पुलिस कर्मचारियों के लिए बनेंगे दस हजार मकान : रमन सिंह

पुलिस कर्मचारियों के लिए बनेंगे दस हजार मकान : रमन सिंह

रायपुर, 30 सितंबर (जस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि राज्य में पुलिस कर्मचारियों के लिए दो हजार करोड़ रूपए की लागत से दस हजार मकान बनाए जाएंगे। उन्होंने गुरूवार को बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर के पास ग्राम आड़ावाल में 116 पुलिस कर्मियों के लिए निर्मित आवासीय कॉलोनी का लोकार्पण करते हुए यह जानकारी दी। इस कॉलोनी का निर्माण छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन द्वारा लगभग आठ करोड़ 50 लाख रूपए की लागत से किया गया है।

मुख्यमंत्री ने लोकार्पण के संक्षिप्त और सादगीपूर्ण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि शांति और विकास तथा राज्य, देश और समाज की सुरक्षा में पुलिस कर्मियों का योगदान बहुत महत्वपूर्ण होता है। बस्तर अंचल में भी पुलिस के हमारे जवान और अधिकारी हर प्रकार की गंभीर चुनौतियों का सामना करते हुए अपने कर्तव्यों का बड़ी मुस्तैदी से निर्वहन कर रहे हैं। वे अपने परिवार के साथ सुविधाजनक ढंग से निवास कर सकें, इसके लिए राज्य सरकार उन्हें मकान दिलाने के लिए प्रयासरत है। निकट भविष्य में दो हजार करोड़ रूपए की लागत से दस हजार मकान बनाए जाएंगे। इसकी कार्ययोजना पर अमल शुरू हो गया है। इसी कड़ी में आज यहां 116 मकानों की आवासीय कॉलोनी का लोकार्पण हुआ है।

डॉ. रमन सिंह ने इस कॉलोनी के परिवेश की भी प्रशंसा की। डॉ. सिंह ने कहा बस्तर अंचल का तेजी से विकास हो रहा है। यहां की जनता को सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई, बच्चों के लिए शिक्षा आदि की सुविधाएं पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ी हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि बस्तर के विकास में सुरक्षा बलों के साथ-साथ आम जनता और सरकारी कर्मचारियों का अच्छा सहयोग मिल रहा है।