माधव सिंह सोलंकी

पूर्व मुख्यमंत्री स्व. माधव सिंह सोलंकी को गुजरात मंत्रिमंडल की श्रद्धांजलि

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की अध्यक्षता में शनिवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. माधव सिंह सोलंकी के दुःखद निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

पूर्व मुख्यमंत्री स्व. माधव सिंह सोलंकी के सम्मान में मंत्रिमंडल के सदस्यों ने इस बैठक में  दो मिनट का मौन रखते हुए दिवंगत आत्मा की परम शांति की प्रार्थना की।

राज्य मंत्रिमंडल ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. माधव सिंह सोलंकी की मुख्यमंत्री के तौर पर सेवा तथा सार्वजनिक और सामाजिक जीवन में उनके सेवाकीय योगदान की सराहना करते हुए शोक प्रस्ताव भी पारित किया।

यह प्रस्ताव इस तरह हैः

गुजरात के भूतपूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के भूतपूर्व विदेश मंत्री और राज्य के अग्रणी राजनेता श्री माधव सिंह सोलंकी के दिनांक 09/01/2021 को 94 वर्ष की उम्र में गांधीनगर में हुए दुःखद निधन पर सरकार गहरा शोक व्यक्त करती है।

पूर्व मुख्यमंत्री स्व. माधव सिंह सोलंकी का जन्म 30 जुलाई, 1927 को महेसाणा जिले के पिलुन्द्रा में हुआ था।

उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 1947 से की थी। वे 1976 में पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे, उसके बाद सन 1981 से 1985 और 1989 से 1990 के दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सेवाएं दी। उन्होंने चार बार गुजरात राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर सेवाएं दी। उन्होंने सन 1991-92 के दौरान भारत सरकार में विदेश मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दी थीं।

स्व. श्री माधव सिंह सोलंकी ने आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण लागू किया था। गुजरात राज्य के स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए मध्याह्न भोजन योजना का विचार सर्वप्रथम उन्होंने ही प्रस्तुत किया था।

पूर्व मुख्यमंत्री स्व. माधव सिंह सोलंकी साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में भी कार्यरत थे। उन्होंने राजनीति और सामाजिक क्षेत्र के हरेक स्तर पर जनसेवा को प्राथमिकता दी थी।

उनकी चिरविदाई से गुजरात के राजनीतिक और सामाजिक जीवन को अपूरणीय क्षति पहुंची है। स्व. श्री माधव सिंह सोलंकी के निधन पर राज्य मंत्रिमंडल, गुजरात की जनता और सरकार गहरा दुख और शोक संवेदना प्रकट करते हैं।